आजकल कैफे के मेन्यू से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, माचा हर जगह नजर आ रहा है. कोई माचा लाटे पी रहा है, तो कोई माचा आइस स्क्रीम और माचा डेजर्ट्स ट्राई कर रहा है. जेन जी के बीच इसका क्रेज तेजी से बढ़ा है. इसके हरे रंग, अलग टेस्ट और हेल्थ से जुड़े दावों ने इसे एक ट्रेंडी ड्रिंक बना दिया है. लेकिन क्या माचा सिर्फ एक सोशल मीडिया ट्रेंड है या इसके पीछे कुछ खास वजह भी है?
माचा क्या होता है?
माचा जापान की एक खास तरह की ग्रीन टी है. इसे चाय की पत्तियों को सुखाकर और बारीक पीसकर पाउडर के रूप में तैयार किया जाता है. इसकी खेती के दौरान चाय के पौधों को काटकर कुछ हफ्ते पहले धूप से बचाकर रखा जाता है. इसके बाद पत्तियों को सुखाकर उनका पाउडर बनाया जाता है. इसे पानी या दूध में मिलाकर पिया जाता है.
माचा और ग्रीन टी में क्या अंतर है?
दोनों एक ही तरह के चाय के पौधे से बनते हैं, लेकिन इन्हें तैयार करने और पीने का तरीका अलग होता है. ग्रीन टी में पत्तियों को गर्म पानी में डालकर उनका अर्क निकाला जाता है और फिर पत्तियां हटा दी जाती हैं. वहीं माचा में पूरी पत्ती का बारीक पाउडर पानी या दूध में मिलाकर पिया जाता है. यानी माचा पीते वक्त आप पूरी पत्ती को पी सकते हैं.
टेस्ट के मामले में भी दोनों अलग हैं. ग्रीन टी का स्वाद हल्का और कभी-कभी थोड़ा कड़वा हो सकता है, जबकि माचा का स्वाद गाढ़ा, हल्का मिट्टी जैसा और कुछ हद तक क्रीमी होता है.
यह भी पढ़ें: "Gen Z Foods: 15 मिनट में तैयार, स्वाद में सुपरहिट! Gen Z के लिए ये फूड आइडियाज
जेन जी को क्यों पसंद आ रहा है माचा?
माचा के पॉपुलर होने की एक बड़ी वजह इसका लुक है. इसका हरा रंग सोशल मीडिया पर काफी अट्रैक्टिव दिखता है. इंस्टाग्राम और पिंटरेस्ट पर माचा लाटे की फोटोज और वीडियो खूब शेयर किए जाते हैं. इसके अलावा, कैफे में मिलने वाले आइस्ड माचा, स्ट्रॉबैरी माचा और माचा डेजर्ट्स ने भी युवाओं के बीच इसकी पॉपुलैरिटी बढ़ाई है.
माचा में कैफीन होता है, इसलिए ये एनर्जी देने में हेल्प कर सकता है. इसमें एल-थिएनिन नाम का एक अमीनो एसिड भी पाया जाता है. कैफीन और एल-थिएनिन के साथ होने को लेकर कुछ रिसर्च में ध्यान और सतर्कता से जुड़े संभावित फायदे सामने आए हैं. हालांकि, इसे किसी चमत्कारी हेल्थ ड्रिंक की तरह देखना सही नहीं होगा.
इसलिए माचा को सिर्फ ट्रेंड देखकर नहीं, बल्कि अपने टेस्ट और जरूरत के हिसाब से चुनना बेहतर है. आखिरकार, यह ग्रीन टी का ही एक खास रूप है, लेकिन इसका बनाने का तरीका, स्वाद और पीने का अनुभव इसे अलग पहचान देते हैं.