scorecardresearch
 

बर्फ में दबा मिला टेंट और ट्रैकर्स का सामान... उत्तराखंड के केदारताल में लापता लोगों की तलाश जारी

केदारताल में लापता सात ट्रैकर्स और गाइड की तलाश अब भी जारी है. इस बीच, तलाशी के दौरान बर्फ के नीचे दबा एक टेंट मिला है. टेंट के अंदर से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री भी बरामद हुई है.

Advertisement
X
अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका. (Photo: ITG)
अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका. (Photo: ITG)

उत्तराखंड के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और गाइड सिद्धार्थ राणा की तलाश में जुटी ट्रैकिंग एसोसिएशन की टीम को बर्फ के नीचे दबा एक टेंट मिला है. टेंट के अंदर से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री भी बरामद हुई है, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका.

टेंट मिलने के बाद आसपास के दो से तीन किलोमीटर के दायरे में भी तलाशी की गई, लेकिन अभियान में कोई सफलता नहीं मिली. लगातार बिगड़ते मौसम, भारी बर्फबारी और शून्य विजिबिलिटी के कारण फिलहाल एसोसिएशन ने सर्च अभियान स्थगित करने का फैसला लिया है. हालांकि प्रशासन की ओर से भेजी गई टीम सर्च अभियान जारी रखे हुए है.

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले केदारताल ट्रेक पर गए ट्रेकर्स और उनके साथ मौजूद स्टाफ के फंसे होने की सूचना मिली थी. 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और 6 सपोर्ट स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुए. इस दल को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था लेकिन मौसम की खराब हालत, ग्लेशियर और भारी बर्फबारी के चलते रास्ता बंद हो गया और यह दल समय पर वापस नहीं लौट सका.

Advertisement

30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से फोन पर दल से संपर्क हुआ. ट्रेकर्स ने बताया कि वे कच्ची ढांग के पास सुरक्षित हैं और उन्हें हेल्प की जरूरत है. इसके बाद प्रशासन के निर्देश पर ट्रेकिंग एजेंसी ने पोर्टर और गाइड की टीम भेजी. इस टीम ने करीब 6 किलोमीटर तक रास्ता खोलने की कोशिश की.

इसके बाद 31 अक्टूबर को 10 सदस्यीय NDRF टीम गंगोत्री के लिए रवाना हुई. इसके अलावा, गंगोत्री से वन विभाग के दो सदस्य, ट्रेकिंग एजेंसी के 7 सदस्य और SDRF के 6 जवानों की टीम भी बचाव अभियान के लिए केदारताल पहुंची.

कुछ दिन पहले गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान के रेंज अधिकारी (RO) ने बतााया था कि कच्ची ढांग के आसपास तीन पोर्टर और एक कुक सहित कुल चार लोग सुरक्षित मिले हैं. वहीं अन्य 8 लोग भोजखड़क से आगे हिमस्खलन के चलते फंसे हुए हैं. रेस्क्यू टीमें उन तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं. हिमस्खलन के चलते रास्ता बाधित हो गया है, बचाव अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement