
Farah Khan Bedroom Makeover: बॉलीवुड में अपनी फिल्मों और मजाकिया अंदाज के लिए मशहूर फराह खान इन दिनों अपने बेडरूम के मेकओवर को लेकर चर्चा में हैं. फराह अक्सर अपने यूट्यूब वीडियो में बॉलीवुड सितारों के घरों और उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक दिखाती रहती हैं. इस बार उन्होंने अपने ही कमरे को नया लुक देने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने करण जौहर की सलाह ली, जिन्होंने उन्हें कमरे में न्यूट्रल रंगों और क्लासी डेकोरेशन का इस्तेमाल करने को कहा. मेकओवर के बाद फराह का बेडरूम पहले से काफी अलग और खूबसूरत नजर आ रहा है. लकड़ी का फर्श, टेक्सचर्ड दीवारें, खास वैनिटी एरिया और डिजाइनर बैग्स के लिए बना कैबिनेट इसकी खूबसूरती बढ़ा रहे हैं. वहीं, Hermes की सजावटी प्लेट और महंगे लग्जरी बैग्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा है.
करण जौहर की सलाह पर कराया बेडरूम का मेकओवर
दरअसल, फराह खान अपने वीडियो में अक्सर किसी सेलिब्रिटी के घर या कमरे को नया लुक देने का काम करती हैं. इसके लिए वह सितारों से किसी ऐसे व्यक्ति का नाम पूछती हैं, जिसके घर में बदलाव किया जा सके. जब उन्होंने करण जौहर से किसी का नाम बताने को कहा, तो उन्होंने फराह खान का ही नाम सुझा दिया.
करण का कहना था कि फराह के बेडरूम को अब नया और क्लासी लुक देने की जरूरत है. उन्होंने सलाह दी कि कमरे में न्यूट्रल रंगों का इस्तेमाल किया जाए और दीवारों को खूबसूरत तरीके से सजाया जाए.
पहले ऐसा दिखता था फराह का बेडरूम
मेकओवर से पहले फराह खान का बेडरूम काफी आम नजर आता था. कमरे की छत नीले-ग्रे रंग की थी और दीवारों पर हल्के पीच और पीले रंग का इस्तेमाल किया गया था. इसमें ग्रे कुशन वाला बड़ा बेड और काले रंग का टीवी कैबिनेट भी था. करण जौहर को भी लगा कि कमरे को नए लुक की जरूरत है.

लकड़ी के फर्श और खूबसूरत दीवारों से बदला लुक
मेकओवर के बाद फराह का बेडरूम पहले से काफी अलग और खूबसूरत नजर आने लगा है. कमरे में पहले लगे ब्लैक एंड व्हाइट फर्श की जगह लकड़ी का फ्लोर लगाया गया है. दीवारों को पेंट करने के बजाय उन पर पेस्टल और ब्राउन रंग के टेक्सचर्ड पैनल लगाए गए हैं.
कमरे में नया बेड रखा गया है, जिसका हेडबोर्ड पहले से थोड़ा छोटा है. इससे दीवारों का ज्यादा हिस्सा दिखाई देता है और कमरा पहले से बड़ा लगता है. बेड के नीचे एक खूबसूरत रग भी बिछाया गया है. इसके अलावा कमरे के प्रवेश द्वार के पास नारंगी-भूरे रंग की कुशन वाली बेंच रखी गई है.
बेडरूम में बनाया खास वैनिटी एरिया
फराह खान के नए बेडरूम में सबसे खास बदलाव वैनिटी एरिया है. इसे बेडरूम से अलग करने के लिए गोल्डन फ्रेम और फ्लूटेड पैनल वाली पार्टिशन लगाई गई है. कमरे में सफेद रंग के फर्नीचर का इस्तेमाल किया गया है.
इसके बीच में मार्बल फिनिश वाला एक ड्रॉअर कैबिनेट रखा गया है. फराह ने बताया कि यह उनके कमरे की पसंदीदा चीजों में से एक है. इसी डिजाइन को वैनिटी टेबल पर भी इस्तेमाल किया गया है.

लग्जरी बैग्स और हर्मेस की प्लेट ने खींचा ध्यान
फराह के बेडरूम में एक खास कैबिनेट भी बनाया गया है, जहां वह अपने लग्जरी बैग्स रखती हैं. उन्होंने बताया कि इनमें से कई बैग्स उन्हें करण जौहर ने गिफ्ट किए हैं.
वहीं, टीवी के नीचे हर्मेस (Hermes) की एक सजावटी प्लेट भी रखी गई है. इसे देखकर करण जौहर काफी हैरान हुए. फराह ने बताया कि यह प्लेट उन्हें रिद्धिमा कपूर साहनी ने गिफ्ट की थी.
मेकओवर के बाद जब करण जौहर ने फराह का नया बेडरूम देखा तो उन्हें भी इसका लुक काफी पसंद आया.