आजकल लोग अपने घरों को सजाने के लिए तरह-तरह के इनडोर प्लांट्स लगाते हैं. इन्हीं में से एक स्नेक प्लांट है, जो घरों में ही नहीं ऑफिसों में भी खूब लगाया जाता है. सीधा खड़ा रहने वाला यह पौधा न केवल देखने में कूल लगता है, बल्कि इसकी देखभाल करना भी बहुत आसान होता है. ऐसे में ये घर सजाने के लिए लोगों का फेवरेट बना हुआ है. ये देखने में सुंदर तो लगता है, लेकिन इसके नाम की वजह से बहुत से लोगों के मन में एक अजीब सा डर और उलझन रहती है कि 'क्या स्नेक प्लांट सच में सांपों को अपनी ओर खींचता है?'
सिर्फ नाम सुनकर ही कई लोग इसे सांपों से जोड़कर देखने लगते हैं. किसी को लगता है कि इसे घर में लगाने से घर की तरफ सांप आकर्षित होते हैं. अगर आपके मन में भी इसको लेकर कोई शक है, तो चलिए जानते हैं कि क्या सच में स्नेक प्लांट घर में लगाने से आपके घर की तरफ सांप आकर्षित होते हैं.
कैसे पड़ा स्नेक प्लांट का नाम?
स्नेक प्लांट का नाम उसके पत्तों की खास तरह की बनावट की वजह से पड़ा है. इसके लंबे, सीधे और नुकीले पत्तों पर हल्के-गहरे पैटर्न बने होते हैं, जो देखने में बिल्कुल सांप की चमड़ी जैसे लगते हैं. यही वजह है कि इसे स्नेक प्लांट कहा जाता है.
क्या ये सांपों को करता है आकर्षित?
ऐसा अक्सर सुनने को मिलता है कि स्नेक प्लांट, सांपों को घरों की तरफ आकर्षित करता है. अगर आप भी यही सोचते हैं तो आप गलत हैं. इस पौधे में न तो कोई खुशबू है और न इसमें ऐसा कोई केमिकल होता है, जो सांपों को अपनी ओर खींच सके. साइंटिफिक रूप से देखें तो भी इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि स्नेक प्लांट सांपों को आकर्षित करता है.
ये समझना जरूरी है कि सांप किसी खास पौधे की वजह से नहीं आते. वो वहीं जाते हैं जहां उन्हें खाना मिलता है. उनका खाना चूहे, गिलहरी और कीड़े होता है. इसके साथ ही इन्हें अंधेरी जगहों में छिपना पसंद होता है. इसके साथ ही जहां उन्हें पानी मिलता है और छिपने की सुरक्षित जगह भी मिलती है, वहां वो अक्सर आते हैं.
ऐसे में स्नेक प्लांट को लेकर डरने की जरूरत नहीं है. आप इसे बिना किसी चिंता के अपने घर या बगीचे में लगा सकते हैं. घर के अंदर स्नेक प्लांट रखना पूरी तरह सुरक्षित है. ये न तो सांपों के लिए अंदर आने का रास्ता बनाता है और न ही उन्हें आकर्षित करता है.