सर्दियों का मौसम हो और बालकनी में फूल खिले हों तो घर में अलग ही रौनक आ जाती है. नवंबर का महीना आते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगती है. ये समय सिर्फ सर्दियों के कपड़े निकालने का ही नहीं, बल्कि अपने घर की बालकनी और छत को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने का भी है. जी हां, नवंबर के महीने में आप कुछ ऐसे रंग-बिरंगे फूल लगा सकते हैं, जो पूरी सर्दियों आपकी बालकनी को सुंदर लुक देने के साथ ही महकाने का काम भी करते हैं.
अगर आप चाहते हैं कि आने वाले दिनों में आपके गमले फूलों से भरे नजर आएं तो अभी से गार्डनिंग की तैयारी शुरू कर दें. खास बात ये है कि इसके लिए आपको बाजार से महंगे डेकोरेटिव पौधों पर हजारों रुपये खर्च करने की भी जरूरत नहीं है. नर्सरी में कुछ ऐसे फूलों वाले पौधे मिल जाते हैं, जिन्हें करीब 10 रुपये में खरीदकर घर पर लगाया जा सकता है. आज हम आपको बताएं कि नवंबर में कौन से 5 पौधे लगाकर आप अपनी बालकनी को फूलों से सजा सकते हैं.
1. गेंदे का पौधा: नवंबर में लगाएं, सर्दियों में खिलेंगे ढेरों फूल
सर्दियों में घर की डेकोरेशन के लिए गेंदे के फूलों से अच्छा ऑप्शन क्या हो सकता है. इसके पीले और नारंगी फूल बालकनी से लेकर छत तक की खूबसूरती बढ़ा देते हैं. गेंदे का पौधा नर्सरी में करीब 10 रुपये में मिल सकता है. नवंबर में इसे गमले में लगाकर अच्छी धूप वाली जगह पर रखें. इसकी मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. सही देखभाल मिलने पर पौधे में लगातार फूल खिल सकते हैं.
2. गुलदाउदी: सर्दियों में रंग-बिरंगे फूलों से भर जाएगी बालकनी
नवंबर में लगाए जाने वाले फूलों में गुलदाउदी का नाम जरूर शामिल करें. यह सर्दियों में खिलने वाला खूबसूरत फूल है, जो सफेद, पीले, गुलाबी और लाल समेत कई रंगों में मिलता है. इसका पौधा नर्सरी में कम कीमत पर मिल सकता है. आप इसकी कटिंग से भी नया पौधा तैयार कर सकते हैं. इसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो. सर्दियों में जब इसमें फूल खिलेंगे तो आपका सिंपल सा गमला भी बेहद खूबसूरत दिखने लगेगा.
3. सदाबहार: कम देखभाल में भी खिलते रहेंगे फूल
अगर आप बिना ज्यादा मेहनत घर की बालकनी को रंग-बिरंगे फूलों से भरना चाहते हैं, तो आप सदाबहार लगा सकते हैं. इसका देसी पौधा नर्सरी में करीब 10 रुपये में मिल सकता है. इसमें गुलाबी और सफेद रंग के फूल खिलते हैं. इसे गमले में लगाकर ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी और धूप मिल सके. हालांकि, ठंड बढ़ने पर इसकी ग्रोथ पर असर हो सकता है, इसलिए बहुत ज्यादा ठंड और पाले से पौधे को बचाकर रखें.
4. पोर्टुलाका: कम बजट में तैयार करें रंग-बिरंगा गार्डन
पोर्टुलाका यानी मॉस रोज अपने छोटे और कलर्ड फूलों के लिए जाना जाता है. इसकी टहनी से नया पौधा तैयार किया जा सकता है. इसकी कटिंग नर्सरी में कम कीमत पर मिल सकती है. हालांकि, यह पौधा गर्म और धूप वाले मौसम में ज्यादा अच्छी तरह खिलता है. नवंबर में इसे लगाने का प्लान कर रहे हैं तो ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा ठंड और पाले से इसे नुकसान हो सकता है. इसे अच्छी धूप वाली जगह पर रखें.
5. अपराजिता: बालकनी की जाली पर चढ़ाएं नीले फूलों वाली बेल
अगर आप गमलों के साथ-साथ घर की ग्रिल और जाली को भी हरा-भरा बनाना चाहते हैं तो अपराजिता की बेल लगा सकते हैं. इसके बीजों का छोटा पैकेट करीब 10 रुपये में मिल सकता है. इसके नीले और सफेद फूल बेहद खूबसूरत लगते हैं. इसे गमले में लगाकर बेल को ऊपर चढ़ने के लिए सहारा दें. ध्यान रखें कि अपराजिता गर्म मौसम में ज्यादा अच्छी तरह बढ़ती है. नवंबर में बीज लगाने पर अंकुरण और ग्रोथ टेंपरेचर पर निर्भर करेगी. ठंडे इलाकों में इसे अच्छी धूप और पाले से सुरक्षा देना जरूरी है.
नवंबर में पौधे लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सर्दियों में गार्डनिंग करते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सबसे पहले पौधे की जरूरत के हिसाब से गमला और जगह चुनें. गमले में पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए. ठंड के मौसम में मिट्टी सूखने की रफ्तार कम हो जाती है, इसलिए रोजाना बिना चेक करे पानी न डालें. पौधों को अच्छी धूप दें और रात में पाला पड़ने के चांस हो तो उन्हें सेफ जगह पर रख दें.