scorecardresearch
 

Kathal Ke Beej Ki Chaat: कटहल की सब्जी भूल जाएंगे, जब खाएंगे इसके बीजों की चटपटी चाट! बहुत ही आसान है बनाना

Kathal Beej Chaat: अक्सर लोग कटहल के बीज बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन ये सेहत और स्वाद का खजाना हैं. आप इनकी चटाकेदार और मजेदार चाट बना सकते हैं, जो आलू और दही भल्ला चाट को भी पीछे छोड़ देती है.

Advertisement
X
कटहल के बीज की चाट में आप प्याज और टमाटर डालकर स्वाद बढ़ा सकते हैं. (Photo: ITG)
कटहल के बीज की चाट में आप प्याज और टमाटर डालकर स्वाद बढ़ा सकते हैं. (Photo: ITG)

Kathal Beej Chaat: गर्मियों में बाजारों में कटहल भरपूर मात्रा में आता है और लोग इसकी सब्जी बड़े ही चाव से खाते हैं. इसे छीलने और काटने के झंझट को पार करके जब इसकी मसालेदार सब्जी परोसी जाती है, तो सारी मेहनत सफल लगती है. कटहल को छीलते हुए अक्सर लोग इसमें से निकलने वाले बीजों को बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. आप भी ऐसा ही करते हैं? 

अगर हां, तो बता दें आप अनजाने में स्वाद और सेहत का एक बड़ा खजाना फेंक रहे हैं. कटहल की तरह ही इसके बीजों से भी बहुत ही जबरदस्त और स्वादिष्ट रेसिपी तैयार की जा सकती है और वो है चाट. इन बीजों से तैयार होने वाली मसालेदार चाट इतनी लाजवाब होती है कि इसके आगे आलू चाट और भल्ला-पापड़ी का स्वाद भी फीका लगने लगेगा. ये चाट न सिर्फ आपकी शाम की चाय का मजा दोगुना कर देगी, बल्कि इसे खाने के बाद आप जानबूझकर बाजार से बीज वाला कटहल ढूंढकर लाएंगे.

इंग्रेडिएंट्स:

  • उबले हुए कटहल के बीज- 1 कप
  • तेल- 1 छोटा चम्मच
  • जीरा या राई- ½ छोटा चम्मच
  • हींग- चुटकी भर
  • हरी मिर्च- 1 (बारीक कटी)
  • काला नमक- स्वादानुसार
  • सफेद नमक- स्वादानुसार
  • चाट मसाला या अमचूर- ½ छोटा चम्मच
  • गरम मसाला- चुटकी भर
  • नींबू का रस- 1 छोटा चम्मच
  • हरा धनिया- सजाने के लिए
  • बारीक कटा प्याज, टमाटर, उबला आलू, भुनी मूंगफली (ऑप्शनल)

कटहल के बीजों की चाट बनाने का तरीका:

1. 
कटहल के बीजों की चाट बनाने के लिए सबसे पहले बीजों को 20–30 मिनट तक उबाल लें, फिर ठंडा करके उनका छिलका और पतली झिल्ली हटा दें.

2. अब इन बीजों को छोटे-छोटे टुकड़ों या पतला और लंबा-लंबा काट लें.

3. इसके बाद कड़ाही में तेल गरम करें, फिर उसमें जीरा या राई और हींग डालें.

4. इसके बाद इसमें हरी मिर्च डालें, फिर कटे हुए बीज डालकर 2–3 मिनट तक हल्का कुरकुरा होने तक भूनें.

Advertisement

5. अब इसमें नमक, चाट मसाला या अमचूर, और थोड़ा गरम मसाला डालें. इसके बाद गैस बंद करके ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालें.

स्वाद बढ़ाने के टिप्स
1. अगर आप चाट का स्वाद बढ़ाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा सा कटा प्याज और टमाटर डाल सकते हैं. 
2. आप उबले आलू मिलाकर इसे और पेट भरने वाला बना सकते हैं. इसके सात ही भुनी मूंगफली डाली जा सकती है, जिससे इसको बढ़िया क्रंच मिल सकता है.

कटहल के बीजों में प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है. ऐसे में ये आपकी सेहत के लिए भी अच्छी है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement