Moringa kadhi Pakora Recipe: सहजन के पत्तों से बनाएं चटपटी कढ़ी-पकौड़ा, स्वाद में लाजवाब और बनाना है आसान
Moringa kadhi Pakora Recipe: आपने अब तक कई तरह के कढ़ी-पकौड़े खाए होंगे लेकिन क्या कभी सहजन के पत्तों से बना टेस्टी कढ़ी-पकौड़ा ट्राई किया है. अगर नहीं, तो आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप आसानी से लंच में बना सकते हैं.
Moringa kadhi Pakora Recipe: अगर आप भी हर दिन एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं और कुछ हेल्दी व टेस्टी खाना चाहते हैं तो सहजन के पत्तों से बनी कढ़ी-पकौड़ा ट्राई कर सकते हैं. सहजन को मोरिंगा भी कहा जाता है और इसके पत्तों में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. आमतौर पर घरों में बेसन और दही से कढ़ी बनाई जाती है लेकिन इसमें सहजन के पत्तों से बने पकौड़े डालने से इसका स्वाद और भी खास हो जाता है.
इसे आप चावल, रोटी या खिचड़ी के साथ परोस सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इसे घर में मौजूद आम चीजों से आसानी से बनाया जा सकता है. तो आइए जानते हैं सहजन की कढ़ी-पकौड़ा बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है.
सबसे पहले सहजन के पत्तों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. अब एक बर्तन में बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, अजवाइन, हींग, नमक और ईनो डालकर मिला लें. इसमें सहजन के पत्ते डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो.
अब अप्पे वाले पैन में थोड़ा तेल लगाकर घोल डालें और पकौड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक पका लें. अगर आपके पास अप्पे वाला पैन नहीं है कड़ाही में तेल गर्म करके छोटे पकौड़े तल सकते हैं. तैयार पकौड़ों को अलग रख दें.
कढ़ी बनाने के लिए एक बर्तन में दही, बेसन, हल्दी और नमक डालें. इसमें 2 कप पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गांठें न पड़ें. अब इसे गैस पर रखकर लगातार चलाते हुए गर्म करें. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो आंच धीमी कर दें और लगभग 10 मिनट तक पकने दें.
अब तड़का तैयार करें. इसके लिए एक छोटे पैन में घी गर्म करें. इसमें राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च, दालचीनी और करी पत्ता डालकर चटकने दें. तैयार तड़के को कढ़ी में डाल दें. इसके बाद सहजन के पकौड़े डालकर कुछ मिनट उबालें और गैस बंद कर दें.
अब आपका टेस्टी सहजन की कढ़ी-पकौड़ा तैयार है. इसे हरे धनिये से सजाकर गरमागरम चावल, रोटी या मूंग दाल की खिचड़ी के साथ परोसें.