scorecardresearch
 

Poha Gulab Jamun Recipe: मावा नहीं, सिर्फ पोहे से बनाएं रसीले गुलाब जामुन, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा सीक्रेट

Poha Gulab Jamun Recipe: मावा या रेडीमेड मिक्स के बिना भी आप सिर्फ 1 कटोरी पोहे से बेहद सॉफ्ट, रसीले और मुंह में घुल जाने वाले गुलाब जामुन बना सकते हैं. इसकी रेसिपी बहुत ही आसानी है और स्वाद में ये मावे वाले को भी फेल करते हैं.

Advertisement
X
पोहे से बनने वाले गुलाब जामुन का स्वाद बिल्कुल मैदा जैसे वाला होता है.  (Photo: ITG)
पोहे से बनने वाले गुलाब जामुन का स्वाद बिल्कुल मैदा जैसे वाला होता है. (Photo: ITG)

Poha Gulab Jamun Recipe: गुलाब जामुन ऐसी मिठाई है, जिसे देखते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. आमतौर पर रसीले गुलाब जामुन बनाने के लिए मावा, खोया या रेडीमेड गुलाब जामुन मिक्स का इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि आप बिना मावा और बिना किसी महंगे इंग्रीडिएंट के भी स्वादिष्ट गुलाब जामुन तैयार कर सकते हैं, तो क्या आप यकीन करेंगे? करना होगा, क्योंकि रेसिपी बहुत ही आसान है. खास बात ये है कि ये गुलाब जामुन बिल्कुल स्पंजी और रसीले बनेंगे. ये इतने सॉफ्ट होंगे कि इनका स्वाद मुंह में घुल जाएगा. 

सिर्फ एक कटोरी पोहे, थोड़ा दूध और कुछ आसान सी घर में मिलने वाले इंग्रेडिएंट्स की मदद से आप ऐसे गुलाब जामुन बना सकते हैं, जिनका स्वाद किसी भी पारंपरिक मावे वाले गुलाब जामुन से कम नहीं लगेगा. अगर आप कम खर्च में झटपट बनने वाली कोई नई और स्वादिष्ट मिठाई ट्राई करना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. आप इस रेसिपी को त्योहारों से लेकर किसी भी खास मौके पर बना सकते हैं. 

पोहे के गुलाब जामुन बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

गुलाब जामुन के लिए

  • 1 कटोरी पतला पोहा
  • 1½ कटोरी दूध
  • 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर
  • 1 बड़ा चम्मच मैदा (या गेहूं का आटा/कॉर्न फ्लोर)
  • तलने के लिए तेल या घी

चाशनी के लिए

  • 1 कटोरी चीनी
  • 1 कटोरी पानी
  • 2 हरी इलायची
  • कुछ केसर के धागे (ऑप्शनल)

बनाने का तरीका:

1. सबसे पहले पोहे को किसी साफ कपड़े पर डालकर हल्के हाथों से रगड़ लें, ताकि उसकी धूल-मिट्टी निकल जाए. इसके बाद छलनी में छान लें और मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. इसे बिल्कुल आटे की तरह बारीक ना पीसें, बल्कि सूजी जैसा थोड़ा दरदरा पीसना है.

Advertisement

2. अब एक कड़ाही में डेढ़ कटोरी दूध उबालें. दूध में उबाल आते ही गैस धीमी कर दें और उसमें पोहे का पाउडर डालकर लगातार चलाते रहें.

3. इस मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक ये हलवे जैसी गाढ़ी कंसिस्टेंसी का न हो जाए. लेकिन इसे आटे की तरह ज्यादा सूखा न करें, क्योंकि ठंडा होने पर पोहा खुद ही थोड़ा सख्त हो जाता है.

4. अब मिश्रण को प्लेट में निकालकर हल्का ठंडा होने दें और ऊपर से ढक दें, ताकि इसकी नमी बनी रहे.

5. एक पैन में चीनी और बराबर मात्रा में पानी डालें. चीनी पूरी तरह घुलने तक पकाएं. इसके बाद मीडियम आंच पर 4-5 मिनट तक उबालें.

6. ध्यान रखें कि इस रेसिपी में एक तार वाली चाशनी नहीं बनानी है. चाशनी हल्की और पतली होनी चाहिए. आखिर में इलायची और चाहें तो केसर डाल दें.

7. जब पोहे का मिश्रण हल्का गर्म रह जाए, तब उसमें मिल्क पाउडर और मैदा डालकर अच्छी तरह मसलें. अगर मिश्रण हाथों में चिपक रहा हो तो थोड़ा सा घी या तेल लगा लें. घी लगाने से वो हाथों में चिपकना बंद हो जाएगा.

8. मिश्रण को तब तक गूंथें, जब तक ये पूरी तरह चिकना और सॉफ्ट न हो जाए. तैयार आटे से नींबू के जैसे छोटे-छोटे बॉल्स बना लें. ध्यान रखें कि बॉल्स पर कोई क्रैक न हो.

Advertisement

9. एक पैन में तेल गर्म करें. तैयार बॉल्स डालने के बाद पहले 2 मिनट तेज आंच पर फ्राई करें. इससे ऊपर हल्की परत बन जाएगी और वे फटेंगे नहीं.

10. इसके बाद आंच धीमी कर दें और 8-10 मिनट तक धीरे-धीरे पलटते हुए सुनहरा भूरा होने तक तलें. इस तरीके से गुलाब जामुन अंदर तक अच्छी तरह पकेंगे.

11. तले हुए गुलाब जामुन को हल्की गर्म चाशनी में डाल दें. सभी गुलाब जामुन डालने के बाद बर्तन को ढक दें और कम से कम 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें. इतनी देर में गुलाब जामुन पूरी तरह चाशनी सोख लेंगे और अंदर तक रस से भर जाएंगे.

पोहा गुलाब जामुन बनाने के परेफेक्ट टिप्स 

  • पतला पोहा इस्तेमाल करें, इससे टेक्सचर बेहतर आता है.
  • पोहे के मिश्रण को ज्यादा सूखा न पकाएं.
  • चाशनी को गाढ़ा न करें, वरना गुलाब जामुन रस नहीं सोख पाएंगे.
  • बॉल्स हमेशा बिना क्रैक के बनाएं.
  • पहले 2 मिनट तेज आंच और बाद में धीमी आंच पर ही तलें.
  • गुलाब जामुन को कम से कम 2 घंटे चाशनी में जरूर रखें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement