How to Make Ghiya-Stuffed Missi Roti: बिजी लाइफस्टाइल की वजह से लोग अक्सर ऐसे खाने की तलाश में रहते हैं जो हेल्दी भी हो और आसानी से बन भी जााए. अगर आप भी नॉर्मल आटे की रोटी या पराठे खाकर बोर हो चुके हैं, तो आप गर्मी का सुपरफूड घिया से एक खास रोटी बनाकर खा सकते हैं. जो खाने में टेस्टी लगती है और इसे खाने से आपको गर्मी में पानी की कमी भी नहीं होती है.
शादी-पार्टी में नान के साथ मिस्सी रोटी तो आपने बहुत खाई होगी, लेकिन इस बार हम आपको घिया-स्टफ्ड मिस्सी रोटी बनाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं. जो स्वाद में बेहतरीन और सेहतमंद भी है, अक्सर बच्चे लौकी या घिया खाने में आनाकानी करते हैं, लेकिन इस लाजवाब रेसिपी के जरिए आप उन्हें बिना बताए भरपूर पोषण दे सकते हैं.
आइए जानते हैं कि इस टेस्टी और क्रिस्पी मिस्सी रोटी को घर पर आसानी से कैसे बनाया जाए. इसके लिए आपको अपनी रसोई में मौजूद कुछ चीजों की ही जरूरत पड़ेगी, जिसकी मदद से आप इसे झटपट बिना तंदूर के ही बना लेंगे.
घिया-स्टफ्ड मिस्सी रोटी इंग्रेडिएंट्स
डो के लिए: 2 कप गेहूं का आटा, 1 कप बेसन, नमक, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, चाट मसाला, अजवाइन और गरम मसाला लीजिए. इसके अलावा कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटा हुआ हरा धनिया और मोयन के लिए शुद्ध घी लेना है.
स्टफिंग के लिए: 1 कप (कद्दूकस की हुई) घिया, 1 छोटा कप बारीक कटा हुआ प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, चाट मसाला और गरम मसाला लीजिए.
इस तरीके से बनाएं घिया-स्टफ्ड मिस्सी रोटी
डो तैयार करें: सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और बेसन छान लें. अब इसमें नमक, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च और बाकी के सूखे मसाले मिलाएं.
फिर इसमें कद्दूकस किया अदरक, धनिया पत्ती और थोड़ा सा घी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. पानी की मदद से एक सॉफ्ट आटा गूंथ लें और इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें.
स्टफिंग बनाएं: कद्दूकस की हुई लौकी और बारीक कटे प्याज को एक कटोरे में मिलाएं. इसमें थोड़ा सा नमक डालकर 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि घिया अपना पानी छोड़ दे.
इसके बाद एक मलमल के कपड़े में इस मिक्सर को डालकर अच्छी तरह निचोड़ लें. अब इस सूखे मिक्सर में हरी मिर्च, अदरक, धनिया और चटपटे मसाले मिलाकर स्टफिंग तैयार करें.
रोटी बेलें और सेंकें: आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. इन्हें थोड़ा सा बेलकर बीच में घिया की स्टफिंग भरें और चारों तरफ से बंद कर दें.
अब सूखे आटे की मदद से इसे हल्के हाथों से बेल लें. गरम तवे पर रोटी को डालें और दोनों तरफ देसी घी लगाकर गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेंकें.
प्रो टिप:
घिया से निचोड़े गए पानी को फेंकने की गलती न करें, क्योंकि यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है. इससिए इस पौष्टिक पानी का इस्तेमाल आप मिस्सी रोटी का आटा गूंथने के लिए कर सकते हैं, इससे रोटी और भी सॉफ्ट बनेगी. आप इस गरमा-गरम घिया-स्टफ्ड मिस्सी रोटी को सफेद मक्खन, ताजे दही, आम के अचार या सब्जी के साथ सर्व कर सकते हैं.