Crispy Chakli Recipe: दिवाली पर घर पर बनाएं बाजार जैसी कुरकुरी चकली, स्वाद ऐसा कि खाते रह जाएंगे
Crispy Chakli Recipe: दिवाली पर मेहमानों के लिए कुछ कुरकुरा और चटपटा बनाना चाहते हैं तो घर पर बेसन की चकली तैयार करें. बेसन, चावल के आटे और मसालों से बनने वाली यह नमकीन खाने में बेहद टेस्टी होती है. इसे बनाना आसान है और एयरटाइट डिब्बे में कई दिनों तक स्टोर भी कर सकते हैं.
Crispy Chakli Recipe: दिवाली का त्योहार हो और घर में तरह-तरह के पकवान न बनें, ऐसा कैसे हो सकता है. इस खास मौके पर मिठाइयों के साथ नमकीन और कुरकुरे स्नैक्स भी खूब पसंद किए जाते हैं. अगर आप भी इस दिवाली घर पर कुछ खास बनाना चाहते हैं तो बेसन की चकली ट्राई कर सकते हैं. यह खाने में बेहद कुरकुरी और टेस्टी होती है. बेसन, चावल के आटे, तिल और अजवाइन से तैयार होने वाली इस चकली को बनाना भी काफी आसान है.
आप इसे पहले से बनाकर एयरटाइट डिब्बे में रख सकते हैं और त्योहार के दौरान मेहमानों को चाय के साथ सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं बेसन की चकली बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है.
2 कप बेसन
1 कप चावल का आटा
1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
½ छोटी चम्मच अजवाइन
1 बड़ा चम्मच तिल
2 बड़े चम्मच घी या तेल (मोयन के लिए)
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
कुरकुरी चकली घर पर बनाएं कैसे?
कुरकुरी चकली बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा डालें. अब इसमें तिल, अजवाइन, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं. इसके बाद मोयन के लिए घी या तेल डालकर सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें.
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत नरम. आटा तैयार होने के बाद इसे कुछ देर के लिए ढककर रख दें.
अब चकली मेकर में स्टार शेप वाली प्लेट लगाएं और उसमें तैयार आटा भर दें. एक प्लास्टिक शीट या बटर पेपर पर हल्का तेल लगाएं. इसके बाद चकली मेकर की मदद से गोल-गोल चकली बना लें. ध्यान रखें कि चकली का आकार एक जैसा हो और बनाते समय वह टूटे नहीं.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल को मीडियम आंच पर रखें. तेल ज्यादा गर्म होने पर चकली बाहर से जल्दी भूरी हो सकती है और अंदर से कच्ची रह सकती है. तेल गर्म होने पर चकली को सावधानी से डालें और दोनों तरफ से सुनहरा व कुरकुरा होने तक तल लें.
चकली तलने के बाद इसे टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. सभी चकलियों को अच्छी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इन्हें एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें.
इस तरह आपकी टेस्टी और कुरकुरी बेसन की चकली तैयार हो जाएगी. दिवाली पर इसे मेहमानों को सर्व करें या शाम की चाय के साथ खुद भी इसका मजा लें.