Kobichi Vadi Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ गरमा-गरम और कुरकुरा खाने का मन हो तो ज्यादातर घरों में पकौड़े या नमकीन ही बनते हैं. लेकिन अगर इस बार कुछ अलग और महाराष्ट्रियन स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो पत्ता गोभी की ये कुरकुरी वड़ी जरूर बनाकर देखें. महाराष्ट्र में बनने वाली इस तरह की वड़ियां अपने मसालेदार स्वाद और क्रिस्पी टेक्सचर के लिए पसंद की जाती हैं. बाहर से एकदम कुरकुरी और अंदर से मसालेदार और सॉफ्ट ये स्नैक चाय के साथ कमाल लगता है.
सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी या खास चीज की जरूरत नहीं पड़ेगी. पत्ता गोभी के साथ बेसन, ज्वार का आटा, चावल का आटा और घर में रखे कुछ मसालों से इसका मिश्रण तैयार हो जाता है. पहले इसे स्टीम किया जाता है और फिर हल्का क्रिस्पी होने तक फ्राई किया जाता है. यही तरीका इसे बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनाता है. चलिए जानते हैं महाराष्ट्रियन स्टाइल की इस पत्तागोभी वड़ी को बनाने का आसान तरीका.
कुरकुरी पत्ता गोभी की वड़ी
बनाने का तरीका
1. पत्ता गोभी को अच्छी तरह धोकर बारीक ग्रेट कर लें. अब इसमें अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट, सफेद तिल, धनिया पाउडर, हल्दी, चाट मसाला, कसूरी मेथी, नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालें.
2. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके बेसन, ज्वार का आटा और चावल का आटा मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर ऐसा मिश्रण तैयार करें, जिससे आसानी से नरम आटा गूंथा जा सके. ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा सख्त न हो.
3. तैयार आटे से छोटे-छोटे सिलेंडर जैसे रोल बना लें. अब एक प्लेट पर हल्का सा तेल लगाकर इन रोल्स को रखें. इन्हें स्टीमर में डालकर अच्छी तरह स्टीम करें.
4. स्टीम होने के बाद रोल्स को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसी स्टेप से बड़ी को उसका सही आकार मिलेगा और फ्राई करते समय ये टूटेंगी भी नहीं.
5. एक कड़ाही में मीडियम गैस पर तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद कटे हुए पत्ता गोभी के रोल्स को इसमें डालें और इन्हें धीरे-धीरे फ्राई करें. वड़ों को तब तक फ्राई करें, जब तक उनका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और बाहर से अच्छी तरह क्रिस्पी न हो जाए. इसके बाद इन्हें प्लेट में निकाल लें.
गरमा-गरम चाय के साथ करें सर्व
आपके पत्ता गोभी के क्रिस्पी वड़े तैयार. बाहर से इसका क्रंच और अंदर से मसालेदार स्वाद इसे चाय के साथ एकदम परफेक्ट स्नैक बनाता है. शाम की चाय के साथ इसे हरी चटनी या अपनी पसंद की किसी चटनी के साथ सर्व करें.
अगर घर में पत्ता गोभी रखी है और इस बार उससे सब्जी के अलावा कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं.