घर कितना भी साफ-सुथरा क्यों न हो, अगर बालकनी, बाथरूम या आंगन में खुली नाली दिखाई देती है, तो पूरे घर का लुक खराब हो जाता है. कई बार नाली से बदबू आने लगती है और उसमें गंदगी भी जमा होने लगती है. ऐसे में लोग नाली को ढकने के लिए महंगे कवर लगवाने या फर्श में तोड़फोड़ कराने के बारे में सोचने लगते हैं. लेकिन ऐसा करना हर बार जरूरी नहीं है.
कुछ आसान और कम खर्च वाले तरीकों से आप बिना तोड़-फोड़ खुली नाली को ढक सकते हैं. इन तरीकों से नाली को छिपाने के साथ ही घर को साफ-सुथरा और सुंदर दिखाने में भी मदद मिलती है. आइए जानते हैं खुली नाली को ढकने के 9 आसान तरीके, जिनसे घर का लुक भी सुधरेगा और सफाई करना भी आसान रहेगा.
1. स्टील के कवर से ढकें खुली नाली
अगर आपके बाथरूम या बालकनी में खुली नाली है, तो उसे ढकने के लिए स्टेनलेस स्टील का कवर लगवाया जा सकता है. इसमें छोटे छेद होते हैं, जिनसे पानी आसानी से निकल जाता है. जब आपको सफाई करनी हो तब आप इसे हटाकर आसानी से नाली को साफ भी कर सकते हैं.
2. टाइल्स जैसा लगवाएं ड्रेन कवर
अगर आप चाहते हैं कि फर्श पर नाली अलग से न दिखे, तो टाइल-इन ड्रेन कवर लगवा सकते हैं. इसके ऊपर फर्श जैसी टाइल लगाई जाती है, जिससे ये बढ़िया के कंबाइन हो जाता है. इसे लगवाते समय ये ध्यान रखें कि पानी सही से निकल जाए और ऐसा कवर चुनें, जिसे सफाई के लिए आसानी से खोला जा सके.
3. कलरफुल कंकड़ों से सजाएं नाली के आसपास की जगह
आंगन, गार्डन या बालकनी में नाली के आसपास कलरफुल कंकड़ बिछाकर उसे खूबसूरत बना सकते हैं. सफेद, भूरे या काले कंकड़ जगह को सुंदर लुक देते हैं. ध्यान रखें कि कंकड़ों को सीधे नाली में न डालें, वरना पानी की निकासी रुक सकती है.
4. बालकनी में लगाएं लकड़ी की डेक टाइल्स
बालकनी में नाली को छिपाने और फर्श को सुंदर बनाने के लिए लकड़ी की डेक टाइल्स लगा सकते हैं. ऐसी टाइल्स चुनें जो पानी और नमी सह सकें. इन्हें इस तरह लगाएं कि पानी आसानी से निकल सके और सफाई के लिए टाइल्स हटाई जा सकें.
5. आर्टिफिशियल ग्रास मैट से दें हरियाली वाला लुक
बालकनी में नाली के आसपास आर्टिफिशियल ग्रास मैट बिछा सकते हैं. इससे जगह हरी-भरी और खूबसूरत दिखेगी. मैट को इस तरह बिछाएं कि नाली बंद न हो और जरूरत पड़ने पर उसे आसानी से हटाकर सफाई की जा सके.
6. स्टैंड वाले पौधों से छिपाएं नाली
बालकनी या आंगन में नाली के आसपास स्टैंड वाले गमले रख सकते हैं. इससे नजर सीधे नाली पर जाने के बजाय पौधों पर जाएगी और जगह भी सुंदर दिखेगी. ध्यान रखें कि गमले पानी की निकलने का रास्ता न रोकें और सफाई के समय आसानी से हटाए जा सकें.
7. PVC बॉक्स से ढकें दीवार पर दिखने वाले पाइप
बाथरूम, रसोई या बालकनी की दीवार पर दिखने वाले ड्रेनेज पाइप को PVC बॉक्स से ढक सकते हैं. दीवार के कलर से मिलता-जुलता बॉक्स लगाने से पाइप आसानी से छिप जाएगा. ध्यान रखें कि जरूरत पड़ने पर पाइप को रिपेयर करने के लिए बॉक्स खुल सके.
8. बाहर वाली नाली पर लगाएं मजबूत कंक्रीट कवर
घर के बाहर बनी खुली नाली को ढकने के लिए मजबूत कंक्रीट कवर लगवा सकते हैं. इससे जगह साफ-सुथरी दिखेगी. कवर ऐसा चुनें जिसे जरूरत पड़ने पर हटाया जा सके. अगर वहां से गाड़ियां गुजरती हैं, तो ऐसा कवर लगाएं जो भारी वजन सह सके.
9. डिजाइन वाली जाली से ढकें नाली
नाली को सुंदर लुक देने के लिए मेटल की डिजाइन वाली जाली लगवा सकते हैं. इसे घर की टाइल्स या रेलिंग के कलर से मैच कर सकते हैं. जाली ऐसी हो जिसमें से पानी आसानी से निकल सके और जिसे सफाई के लिए हटाया जा सके.