Best Markets For Diwali Shopping: दिवाली का त्योहार हो और घर को सजाने-संवारने से लेकर अपनों को गिफ्ट देने की तैयारी न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! इस मौके पर लोग घर को सजाने के लिए खूबसूरत दीये, रंग-बिरंगी लाइट्स, कैंडल और डेकोरेशन का सामान खरीदते हैं. वहीं, रिश्तेदारों और दोस्तों को देने के लिए मिठाइयों, ड्राई फ्रूट्स और दूसरे गिफ्ट्स की भी खरीदारी होती है. दिवाली के समय बाजार नई-नई चीजों से गुलजार रहते हैं, लेकिन लोगों की जेब भी जमकर खाली होती है. दरअसल, बाजार में हर चीज महंगे दाम पर मिलती है, जिससे त्योहार का बजट बिगड़ जाता है.
ऐसे में अगर आप दिल्ली या आसपास रहते हैं, तो दिवाली की शॉपिंग के लिए बड़े शोरूम या मॉल के चक्कर लगाने के बजाय यहां के मशहूर बाजारों का रुख कर सकते हैं. दिल्ली में कई ऐसी मार्केट हैं, जहां डेकोरेशन के सामान से लेकर कपड़े, जूलरी, हैंडीक्राफ्ट और गिफ्टिंग की चीजों तक के ढेरों ऑप्शन मिल जाते हैं. कुछ बाजार थोक खरीदारी और बजट में शॉपिंग के लिए मशहूर हैं, तो कुछ अपनी यूनिक और ट्रेडिसनल चीजों के लिए जाने जाते हैं. यहां आप अपनी पसंद और बजट के हिसाब से सामान चुन सकते हैं. कई बार तो आपकी दिवाली शॉपिंग सीधे आधे दाम में हो जाएगी.
1. सदर बाजार: कम बजट में करनी है ढेर सारी खरीदारी, तो यहां जाएं
दिवाली शॉपिंग की बात हो और सदर बाजार का नाम ना आए, ऐसा हो नहीं सकता है. दिवाली पर अगर आपको घर की डेकोरेशन के लिए ढेर सारा सामान खरीदना है या दोस्तों और रिश्तेदारों को गिफ्ट देने के लिए कई पैकेट तैयार करने हैं, तो सदर बाजार आपके काम आ सकता है. यह दिल्ली के मशहूर थोक बाजारों में शामिल है और बजट में ज्यादा सामान खरीदने के लिए जाना जाता है.
दिवाली के दौरान यहां डेकोरेटिव लाइट्स, कैंडल, दीये, बंदनवार, फेस्टिव एक्सेसरीज और घर में इस्तेमाल होने वाली कई चीजें बहुत ही. अगर आप एक साथ कई सामान खरीद रहे हैं, तो अलग-अलग दुकानों पर कीमतों का कंपेरिजन करना फायदेमंद हो सकता है.
क्या खरीदें: डेकोरेशन का सामान, लाइट्स, कैंडल, दीये और बजट में मिलने वाले गिफ्ट आइटम्स.
2. चांदनी चौक: ट्रेडिशनल डेकोरेटिशन और गिफ्टिंग के लिए बेस्ट
दिल्ली में दिवाली की खरीदारी की बात हो और चांदनी चौक का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है. यहां की पुरानी गलियों में त्योहार से जुड़ी कई तरह की चीजें मिल जाती हैं. अगर आप घर को ट्रेडिशनल अंदाज में सजाना चाहते हैं, तो यहां दीये, डेकोरेटिव सामान, कपड़े, जूलरी और दूसरी फेस्टिव चीजें तलाश सकते हैं.
यहां का किनारी बाजार खासतौर पर गोटा-पट्टी, जरी और डेकोरेटिव लेस जैसी चीजों के लिए जाना जाता है. वहीं, दरिबा कलां में जूलरी और ट्रेडिशनल सामान की कई दुकानें हैं. ऐसे में अगर आपको दिवाली पर घर सजाने के साथ-साथ परिवार के लिए कुछ ट्रेडिशनल खरीदारी भी करनी है, तो यह बाजार अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
क्या खरीदें: ट्रेडिशन डेकोरेशन वाली चीजें, सजावटी लेस, कपड़े, जूलरी और त्योहार से जुड़ी चीजें.
3. लाजपत नगर: कपड़ों से लेकर घर की डेकोरेशन तक के ऑप्शंस
दिवाली पर नए कपड़े खरीदने के साथ घर को भी सजाना है, तो लाजपत नगर का सेंट्रल मार्केट घूम सकते हैं. यहां कपड़े, फुटवियर, फैशन एक्सेसरीज और घर से जुड़ी कई चीजों की दुकानें हैं. त्योहार के मौसम में डेकोरेटटिव सामान, कैंडल, दीये और गिफ्ट सेट जैसे ऑप्शन भी तलाशे जा सकते हैं.
इस बाजार की खासियत है कि यहां अलग-अलग बजट में खरीदारी के ऑप्शंस मिलते हैं. ऐसे में आप एक ही चक्कर में अपने और परिवार के लिए कपड़ों की खरीदारी करने के साथ दिवाली की डेकोरेशन का सामान भी देख सकते हैं.
क्या खरीदें: एथनिक कपड़े, एक्सेसरीज, होम डेकोर, कैंडल और छोटे गिफ्ट्स.
4. दिल्ली हाट: कुछ अलग और खास गिफ्ट देना है, तो आएं यहां
अगर आप इस दिवाली किसी को ऐसा गिफ्ट देना चाहते हैं, जो आम बाजारों में मिलने वाली चीजों से थोड़ा अलग हो, तो दिल्ली हाट का रुख कर सकते हैं. आईएनए स्थित यह बाजार देश के अलग-अलग हिस्सों के हैंडीक्राफ्ट्स और ट्रेडिशनल सामानों के लिए जाना जाता है.
यहां आपको मिट्टी के बर्तन, डेकोरेटिव लैंप, टेक्सटाइल, जूलरी और हाथ से बनी कई खूबसूरत चीजें मिल सकती हैं. इनसे आप अपने घर को भी सजा सकते हैं और दोस्तों या रिश्तेदारों को भी कुछ खास दे सकते हैं. हालांकि, यहां मिलने वाला सामान समय के हिसाब से बदल सकता है.
क्या खरीदें: हैंडीक्राफ्ट, मिट्टी के बर्तन, डेकोरेटिव लैंप्स, ट्रेडिशनल जूलरी और होम डेकोर.
5. जनपथ मार्केट: छोटे गिफ्ट्स और एक्सेसरीज की शॉपिंग
अगर आपको दिवाली पर दोस्तों या रिश्तेदारों को देने के लिए छोटे-छोटे गिफ्ट्स खरीदने हैं, तो जनपथ मार्केट भी एक अच्छा ऑप्शन है. कनॉट प्लेस के पास मौजूद इस बाजार में एक्सेसरीज, सजावटी सामान, हैंडीक्राफ्ट और कई तरह की छोटी चीजें मिलती हैं.
यहां आप अपने बजट के हिसाब से सामान चुन सकते हैं. अगर आप किसी को महंगे गिफ्ट के बजाय कुछ खूबसूरत और काम आने वाली चीज देना चाहते हैं, तो इस बाजार में घूमना फायदेमंद हो सकता है. खरीदारी करते समय अलग-अलग दुकानों पर कीमत और सामान की क्वालिटी जरूर चेक कर लें.
क्या खरीदें: छोटी डेकोरेटिव चीजें, एक्सेसरीज, हैंडीक्राफ्ट और बजट में मिलने वाले गिफ्ट्स.
6. करोल बाग: कपड़े, जूलरी और फेस्टिव शॉपिंग के लिए
दिवाली पर नए कपड़े खरीदने हैं या परिवार के लिए ट्रेडिशनल गिफ्ट लेने हैं, तो करोल बाग भी आपकी शॉपिंग लिस्ट में शामिल हो सकता है. अजमल खान रोड और आसपास के बाजारों में कपड़ों, जूलरी, फैशन एक्सेसरीज और दूसरी जरूरतों के लिए कई दुकानें हैं.
यहां अलग-अलग कीमतों पर सामान के ऑप्शंस मिलते हैं. ऐसे में त्योहार पर पहनने के लिए एथनिक आउटफिट खरीदने के साथ जूलरी और दूसरी एक्सेसरीज भी देख सकते हैं.
क्या खरीदें: एथनिक वियर, जूलरी, फैशन एक्सेसरीज और फेस्टिव कपड़े.
7. सरोजिनी नगर: कम पैसों में कपड़े और छोटे गिफ्ट्स
सरोजिनी नगर बाजार बजट में फैशन की खरीदारी के लिए काफी मशहूर है. अगर दिवाली पर आपको अपने लिए कपड़े लेने हैं या दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए छोटे-छोटे गिफ्ट खरीदने हैं, तो यहां जा सकते हैं.
यहां कपड़ों, बैग, फुटवियर और फैशन एक्सेसरीज के कई ऑप्शंस मिलते हैं. हालांकि, हर दुकान पर डेकोरेशन या गिफ्टिंग का सामान मिलना जरूरी नहीं है. इसलिए यहां से कपड़े और जूलरी की खरीदारी के लिए जाना बेहतर रहेगा.
क्या खरीदें: बजट में कपड़े, बैग, फुटवियर और फैशन एक्सेसरीज.
8. खान मार्केट: प्रीमियम गिफ्ट्स के लिए अच्छा ऑप्शन
अगर आप दिवाली पर किसी खास व्यक्ति, बॉस, क्लाइंट या दोस्तों को गिफ्ट देना चाहते हैं, तो खान मार्केट में खरीदारी कर सकते हैं. यह बाजार अपने लाइफस्टाइल स्टोर, किताबों, होम डेकोर और प्रीमियम प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाता है.
यहां आपको चुनिंदा गिफ्ट आइटम, खाने-पीने से जुड़े खास प्रोडक्ट्स और घर सजाने की चीजें मिल सकती हैं. हालांकि, दूसरे बजट बाजारों के मुकाबले यहां खरीदारी महंगी पड़ सकती है. इसलिए अगर आप किसी खास मौके के लिए थोड़ा प्रीमियम गिफ्ट तलाश रहे हैं, तो यह ऑप्शन उपयोगी हो सकता है.
क्या खरीदें: प्रीमियम गिफ्ट्स, किताबें, होम डेकोर और खास फूड प्रोडक्ट्स.
दिवाली की शॉपिंग पर पैसे बचाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
पहले से बना लें लिस्ट: बाजार जाने से पहले तय कर लें कि आपको घर की डेकोरेशन, पूजा और गिफ्टिंग के लिए क्या-क्या खरीदना है. इससे फालतू खरीदारी से बच सकते हैं.
एक ही सामान की कीमत पूछें: खासकर सजावट और गिफ्टिंग का सामान खरीदते समय अलग-अलग दुकानों पर कीमत की तुलना करें. इससे बेहतर डील मिलने के चांस बढ़ सकते हैं.
ज्यादा सामान लेना है, तो थोक बाजार देखें: अगर आपको कई लोगों के लिए एक जैसा सामान खरीदना है, तो सदर बाजार जैसे थोक के बाजार में ऑप्शन तलाश सकते हैं. हालांकि, कम कीमत और अच्छी क्वालिटी के लिए मोलभाव और तुलना जरूरी है.
भीड़ से बचने के लिए जल्दी जाएं: दिवाली के नजदीक बाजारों में काफी भीड़ हो सकती है. इसलिए खरीदारी की शुरुआत पहले कर दें, ताकि आराम से सामान देख सकें और जल्दबाजी में महंगी चीजें न खरीदनी पड़ें.