scorecardresearch
 

पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, गुस्से में थाने पहुंचा पति, बोला- अब दे दूंगा तलाक

शिवपुरी जिले में करवा चौथ का व्रत नहीं रखने पर पति ने पत्नी के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है. बदरवास के विजरावन गांव के बारेलाल आदिवासी का आरोप है कि उनकी पत्नी मिथलेश ने न तो उनके लिए व्रत रखा और न ही चांद की पूजा की. पति ने तलाक देने की बात कही है. पुलिस अब दोनों के बीच मनमुटाव दूर कराने की कोशिश करेगी.

Advertisement
X
करवा चौथ पर पत्नी ने नहीं की चांद की पूजा. (Photo: Representational)
करवा चौथ पर पत्नी ने नहीं की चांद की पूजा. (Photo: Representational)

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने है. एक पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर शिकायत की है. पति का आरोप है कि पत्नी ने न तो उसके लिए करवा चौथ का व्रत रखा और न ही चांद की पूजा की. इस बात से नाराज पति ने पत्नी को तलाक देने की बात कही है. मामला शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के विजरावन गांव का है. यहां रहने वाले बारेलाल आदिवासी ने अपनी पत्नी मिथलेश आदिवासी के खिलाफ बदरवास थाने में शिकायती आवेदन दिया है.

पत्नी ने न रखा व्रत, न की चांद की पूजा

बारेलाल आदिवासी ने अपने आवेदन में कहा है कि उनकी पत्नी मिथलेश ने करवा चौथ का व्रत नहीं रखा. उन्होंने चांद की पूजा भी नहीं की. पति का कहना है कि पत्नी उनके लिए व्रत नहीं रख रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी उन्हें मारना चाहती है. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. इस बात से नाराज बारेलाल ने पत्नी को तलाक देने की बात कही है. करवा चौथ के व्रत को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा मनमुटाव अब पुलिस तक पहुंच गया है.

महिला अधिकारी के जरिए सुलह कराने की कोशिश

इस मामले पर कोलारस के एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि बदरवास के विजरावन गांव के बारेलाल आदिवासी ने आवेदन दिया है. उसमें उन्होंने शिकायत की है कि उनकी पत्नी ने उनके लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रखा. एसडीओपी संजय मिश्रा के मुताबिक, महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा. पुलिस का प्रयास है कि बातचीत के जरिए दोनों के बीच विवाद सुलझाया जा सके. फिलहाल, करवा चौथ का व्रत नहीं रखने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद थाने तक पहुंच गया है. अब पुलिस महिला अधिकारी की मदद से दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश करेगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement