कर्नाटक की मडीवाला पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन तीनों पर आरोप है कि उन्होंने निवेश के बहाने केरलम के एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये लूटे. हैरान करने वाली बात ये है कि पकड़े गए आरोपियों में CID का एक पुलिस इंस्पेक्टर भी शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की पहचान केरलम के रहने वाले 40 साल के जुनीश बाबू ए.के. के रूप में हुई है. वो मोहम्मद मुहिन के बेटे हैं. जुनीश बाबू अपने दो दोस्तों के साथ 15 जून 2026 को बेंगलुरु आए थे. वो सभी मडीवाला के 'व्हाइट स्टोन लॉज' में ठहरे हुए थे.
जुनीश ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त नवीन ने उन्हें ट्रेडिंग में पैसा लगाने की सलाह दी थी. नवीन ने कहा था कि ट्रेडिंग में निवेश करने पर बहुत ऊंचा रिटर्न मिलता है. इसी झांसे में आकर जुनीश अपने साथ 20 लाख रुपये कैश लेकर बेंगलुरु पहुंचे थे.
साजिश रचकर की मारपीट और लूट
लॉज में रुकने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश रची. इसके बाद आरोपियों ने जुनीश बाबू के साथ मारपीट की, उन्हें डराया-धमकाया और उनके पास मौजूद 20 लाख रुपये का कैश लूटकर फरार हो गए.
इस वारदात के बाद पीड़ित जुनीश बाबू ने 19 जून की तड़के मडीवाला पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उनकी शिकायत के आधार पर मडीवाला पुलिस ने अपराध संख्या 201/2026 के तहत डकैती, डराने-धमकाने, मारपीट और आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया है.
यह भी पढ़ें: मुंबई में करोड़ों की धोखाधड़ी, दिल्ली में गिरफ्तारी... साइबर ठगी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़
सीआईडी इंस्पेक्टर सहित तीन गिरफ्तार
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और वारदात में शामिल तीन आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम कुपेंद्र रेड्डी, वसंत कुमार और महेश कनकगिरी (सीआईडी पुलिस इंस्पेक्टर) है.