scorecardresearch
 

टिकट बुकिंग होगी आसान, 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लाने का ऐलान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी. यह फैसला छात्रों और यात्रियों द्वारा टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली समस्याओं की शिकायतों के बाद लिया गया है. नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग को तेज, आसान और अधिक भरोसेमंद बनाना है.

Advertisement
X
इससे वेबसाइट क्रैश, स्लो स्पीड, ओटीपी और तत्काल टिकट बुकिंग जैसी समस्याओं में सुधार की उम्मीद है. ( Photo: ANI)
इससे वेबसाइट क्रैश, स्लो स्पीड, ओटीपी और तत्काल टिकट बुकिंग जैसी समस्याओं में सुधार की उम्मीद है. ( Photo: ANI)

रेलवे से यात्रा करने वाले करोड़ों लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि IRCTC की नई और बेहतर वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी. यह फैसला उन शिकायतों के बाद लिया गया है, जो लंबे समय से यात्री और खासकर छात्र IRCTC की मौजूदा वेबसाइट को लेकर कर रहे थे.

छात्रों ने उठाया टिकट बुकिंग की समस्याओं का मुद्दा
हाल ही में जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान यह मुद्दा सामने आया. कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने IRCTC वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के समय आने वाली दिक्कतों का जिक्र किया. उसने खास तौर पर कैप्चा सिस्टम और टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली परेशानियों की बात कही. यह समस्या सिर्फ उसी छात्र की नहीं थी, बल्कि लाखों यात्रियों की शिकायत रही है.


रेल मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को दिए निर्देश
छात्र की बात सुनकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. उन्होंने वहीं मौजूद रेलवे अधिकारियों को बुलाया और पूछा कि क्या नई और उन्नत वेबसाइट को जल्द तैयार किया जा सकता है. अधिकारियों से चर्चा के बाद उन्होंने घोषणा की कि नई IRCTC वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी. यह सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने तालियां बजाकर खुशी जताई.

Advertisement

दरअसल, मौजूदा IRCTC वेबसाइट को लेकर यात्रियों की कई शिकायतें रही हैं. कई बार वेबसाइट बहुत धीमी चलती है, अचानक क्रैश हो जाती है या फिर ओटीपी आने में देरी होती है. सबसे ज्यादा परेशानी तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान होती है, जब एक साथ लाखों लोग टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं. ऐसे समय में वेबसाइट पर भारी दबाव पड़ता है और कई यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाती.

आज के समय में रेलवे टिकट बुकिंग का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से होता है. पहले लोग टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर जाते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग मोबाइल ऐप और वेबसाइट का इस्तेमाल करते हैं. रेलवे के अनुसार, करीब 88 प्रतिशत टिकट अब डिजिटल माध्यम से बुक किए जा रहे हैं. यही वजह है कि वेबसाइट का तेज और भरोसेमंद होना बहुत जरूरी हो गया है.

पिछले कुछ वर्षों में रेलवे ने टिकट बुकिंग सिस्टम को और सुरक्षित बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं. फर्जी बुकिंग और गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए 2025 में 3 करोड़ से ज्यादा IRCTC अकाउंट को बंद किया गया. वहीं करीब 2.94 करोड़ खातों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दोबारा वेरीफाई कराने के लिए कहा गया.

Advertisement

फर्जी अकाउंट्स पर भी रेलवे की सख्त कार्रवाई
इसके अलावा रेलवे तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रहा है. हाल ही में IRCTC ने रेलवे की रसोइयों में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई की निगरानी के लिए AI आधारित सिस्टम शुरू करने की घोषणा की थी. इसके तहत देशभर की 800 से ज्यादा रेलवे रसोइयों में कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से की जाती है. नई IRCTC वेबसाइट से उम्मीद की जा रही है कि टिकट बुकिंग पहले से आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी. इससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली कई समस्याएं भी कम हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement