इन दिनों फेस्टिव सीजन में ट्रेन में कन्फर्म टिकट बुक करना यात्रियों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रही है. एडवांस टिकट बुकिंग सिर्फ 60 दिन पहले हो पाती है. उसमें भी ऑनलाइन बुकिंग विंडो खुलते ही 5 मिनट में वेटिंग आ जाता है. फिर भी कुछ पैसेंजर ऐसे होते हैं, जिन्हें 1 साल पहले एडवांस टिकट बुक करने की सुविधा मिल जाती है. चलिए जानते हैं आखिर कौन हैं वोलोग जो एक साल पहले अपना टिकट बुक कराकर रख सकते है.
भारत के आम यात्रियों के लिए एडवांस टिकट बुक कराने का समय सिर्फ 2 महीने पहले तक का कर दिया गया है. वहीं विदेशी लोग जो भारत घूमने आते हैं. उनके लिए एडवांस टिकट बुक करने की अवधि 1 साल पहले तक की होती है. सिर्फ विदेशी ही नहीं एनआरआई भी एक साल पहले ट्रेनों में एडवांस टिकट बुक कर सकते हैं.
क्या होता है FTQ?
यहां बात हो रही है फॉरेन टूरिस्ट कोटा (FTQ) की. इसके तहत एनआरआई और विदेशी टूरिस्ट भारतीय ट्रेनों में तुरंत टिकट मिल जाता है. भारतीय रेलवे के नियमानुसार, यह कोटा विदेशी पासपोर्ट धारकों के साथ-साथ NRI के लिए भी रिजर्व है. इसके तहत यात्रा करने वाले यात्रियों के पास वैध विदेशी पासपोर्ट या एनआरआई (NRI) स्टेटस होना जरूरी है.
इस कोटे की मदद से एनआरआई भारत आने से पहले ही अपने सफर के लिए कन्फर्म सीट बुक कर सकते हैं. यह सुविधा हर चुनिंदा और प्रीमियम श्रेणियों जैसे फर्स्ट AC, सेकंड AC (2A) और एग्जिक्यूटिव चेयरकार (EC) में ही उपलब्ध होती है. जुलाई 2017 से भारतीय रेलवे ने विदेशी पर्यटकों और एनआरआई के लिए 365 दिन पहले तक बर्थ बुक करने की सुविधा शुरू की है.
एक साल पहले टिकट बुक कराने का क्या है प्रोसेस
इसके लिए पैसेंजर को आईआरसीटीसी पर रजिस्ट्रेशन करते वक्त या प्रोफाइल अपडेट करते समय अपना इंटरनेशनल मोबाइल नंबर डालना होता है. मोबाइल नंबर वेरिफआई करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाता है. फिर ईमेल आईडी वेरिफाई करने के लिए उनके ईमेल पर एक और OTP भेजा जाता है.
सभी विदेशी टूरिस्ट के पासपोर्ट नंबर ई-टिकट बुक करते समय दर्ज किए जाते हैं. यदि पैसेंजर ने ई-टिकट बुक करने से पहले अपना मोबाइल नंबर वेरिफाई नहीं कराया है, तो उसे प्रोफाइल अपडेट के माध्यम से अपना नया मोबाइल नंबर और आईएसडी कोड दर्ज करके अपडेट करने के लिए कहा जाएगा.
इस अपडेटेड प्रोफाइल का वेरिफिकेशन इंटरनेशनल मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी या एसएमएस के माध्यम से किया जाता है. यूजर पेमेंट गेटवे के माध्यम से इंटरनेशनल डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने का विकल्प चुन सकते हैं.
एफटी कोटा के तहत 365 दिन पहले तक टिकट बुक कर सकते हैं. इसके साथ ही विदेशी नागरिकों को तत्काल टिकट भी बुक करने की भी सुविधा इस कोटे के तहत मिलती है. इससे भी वो आसानी से कन्फर्म टिकट बुक करा सकते हैं. टिकट बुकिंग की जानकारी इंटरनेशनल एसएमएस सुविधा के जरिए से विदेशी पैसेंजर को एसएमएस से भेजी जाती है.
टिकट बुकिंग संबंधी जानकारी विदेशी यूजर की रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी पर भी भेजी जाती है. पीआरएस प्रणाली के तहत बर्थ अलॉट होने के बाद पैसेंजर वेबसाइट से बुक किए गए टिकटों के लिए पर्ची भी डाउनलोड कर सकते हैं.