नामचीन निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित कोच जसपाल राणा की मां श्यामा देवी राणा का रविवार को निधन हो गया. 78 वर्षीय श्यामा देवी ने नई दिल्ली के आरआर अस्पताल में अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं.
हाल ही में 12 जून को जसपाल राणा का निधन हुआ था. अब उनकी मां ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. ऐसे में राणा फैमिली के यह दूसरा बड़ा आघात है. वक्त का फेर देखिए कि श्यामा देवी का निधन बेटे जसपाल राणा के बर्थडे के दिन (28 जून) हुआ.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें. साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें.
बता दें कि इसी महीने की 12 तारीख को भारतीय खेल इतिहास के सबसे चमकदार निशानेबाजों में शामिल जसपाल राणा नहीं रहे थे. महज 49 साल की उम्र में दिल से संबंधित बीमारी के कारण उनका निधन हो गया.
राणा जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारतीय दल की वापसी की उड़ान के दौरान बीमार पड़ गए थे और उन्हें एक चिकित्सा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था. नई दिल्ली में उतरते ही उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें स्टेंट डाले गए थे. डॉक्टर ने उनकी जान बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे जसपाल को बचा नहीं पाए थे.