उत्तराखंड सरकार में महिला एवं सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार शाम रोते हुए एक वीडियो जारी कर अपनी और बच्चों की जान को खतरा बताया. उन्होंने थाना कैंट में पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और दो कथित ऑडियो साझा किए.
इन ऑडियो में कथित तौर पर गिरधारी लाल और कल्पना मिश्रा की बातचीत है. इसमें मुकदमे, जमानत, पैसों, मकान, चुनाव और रेखा आर्य को जान से मरवाने की बात का जिक्र है. आजतक इन ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ क्यों दर्ज कराई FIR, रोते हुए बताया
गिरधारी लाल साहू का आपराधिक मामलों से जुड़ा इतिहास
बरेली के जोगी नवादा निवासी गिरधारी लाल 1990 में वहां सभासद रहे थे. 1990 के जैन दंपती हत्याकांड में उनका नाम आरोपी के रूप में दर्ज है. उत्तराखंड हाई कोर्ट के 4 अगस्त 2016 के आदेश में 1981 से 2007 तक के उनके पुराने मामलों का जिक्र था. अदालत के रिकॉर्ड में 2016 में किच्छा में जमीन के लेनदेन से जुड़ी पांच एफआईआर का भी जिक्र है.
अक्टूबर 2017 में पूर्व कर्मचारी नरेश गंगवार ने आरोप लगाया था कि जून 2015 में उन्हें रक्तदान के बहाने श्रीलंका ले जाकर बिना सहमति उनका गुर्दा निकाल लिया गया. उनका दावा था कि बदले में मकान और पैसे देने का भरोसा मिला था. अगस्त 2021 में पुलिस ने जैन दंपती हत्याकांड में गिरधारी लाल की तलाश में उनके घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले.
जुलाई 2022 में उनकी पहली पत्नी से बेटे रिंकू साहू पर सभा में भीड़ जुटाने के आरोप में एफआईआर हुई. जनवरी 2023 में उनके भतीजों सौरभ राठौर और टिंकू राठौर से जुड़े विवाद में फायरिंग हुई, जिसमें दो लोगों को छर्रे लगे और एक व्यक्ति के सिर पर तमंचे की बट से हमला हुआ. जून 2024 के पीलीभीत बाइपास प्लॉट विवाद में भी उनका नाम सामने आया और राजीव राना पक्ष ने प्रभाव डालने का आरोप लगाया.
रेखा आर्य से शादी और कल्पना मिश्रा का मामला
रेखा आर्य और गिरधारी लाल की शादी 6 जुलाई 2004 को बरेली में हुई थी. यह गिरधारी लाल की दूसरी शादी थी. रेखा आर्य ने अपनी तहरीर में उनकी एक और शादी का भी विवरण दिया है.
सितंबर 2024 में उत्तराखंड सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी गाड़ी मिलने पर रेखा आर्य ने कल्पना मिश्रा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की थी. आरोप था कि कल्पना ने आधार कार्ड और पासपोर्ट में गिरधारी लाल का नाम और उनके बरेली आवास का पता इस्तेमाल किया. शिकायत में सात लाख रुपये और सोने से जड़ी रुद्राक्ष की माला चोरी होने का भी आरोप था. कल्पना ने खुद को गिरधारी लाल की कंपनी का मैनेजर बताया था, जबकि दोनों के प्रेम संबंध की चर्चा बरेली और देहरादून में रही.
जनवरी 2026 में गिरधारी लाल का कथित बयान वायरल हुआ कि बिहार में शादी के लिए 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं. इस पर विवाद और आलोचना हुई. अक्टूबर 2026 में रेखा आर्य की शिकायत पर उनके खिलाफ नई एफआईआर दर्ज हुई.
यह भी पढ़ें: 'पति के दूसरी महिलाओं से संबंध...', उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने दर्ज कराई FIR, रोते हुए शेयर किया Video
कथित ऑडियो में 25 लाख और फ्लैट की चर्चा
रेखा आर्य के आरोपों के मुताबिक पहले ऑडियो में कल्पना जेल जाने की आशंका जताती हैं और बरेली छोड़कर आगरा में फ्लैट लेने की बात कहती हैं. गिरधारी लाल वकील और कानूनी मदद का भरोसा देते सुनाई देते हैं. इसमें जेल जाने पर परिवार से संपर्क, 25 लाख रुपये भेजने और आगरा में फ्लैट खरीदने के लिए पैसे देने की चर्चा भी है.
इसी बातचीत में गिरधारी लाल कथित तौर पर कहते हैं कि रेखा आर्य हमेशा मंत्री नहीं रहेंगी और तीन-चार महीने की बात है. वह इसके बाद बरेली से चुनाव लड़ने की बात भी कहते सुनाई देते हैं.
रेखा आर्य के आरोपों के अनुसार दूसरे ऑडियो में जमानत, वकील, पुलिस कार्रवाई और अखबारों में खबर नहीं छपने की चर्चा है. गिरधारी लाल कल्पना के पक्ष में लड़ने और जरूरत पर अधिक पैसे खर्च करने की बात कहते सुनाई देते हैं. दोनों कथित ऑडियो में रेखा आर्य पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ उन्हें गोली मरवाने का जिक्र भी है.