scorecardresearch
 

'मैडम, मेरी शादी नहीं हुई...', जनसुनवाई में युवक ने DM से मांगी 'दुल्हन', जवाब सुन ठहाकों से गूंज उठा दफ्तर

पौड़ी गढ़वाल की जनसुनवाई में एक युवक ने पेयजल किल्लत की शिकायत के बीच डीएम स्वाति भदौरिया से शादी कराने की गुहार लगा दी. युवक की मासूमियत देख डीएम और अधिकारी ठहाके मार कर हंस पड़े. डीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि शादी तो नहीं, पर पानी का कनेक्शन जरूर लगवा देंगी.

Advertisement
X
फरियादी की बात सुनकर हंसने लगीं पौड़ी गढ़वाल की डीएम (Photo- Screengrab)
फरियादी की बात सुनकर हंसने लगीं पौड़ी गढ़वाल की डीएम (Photo- Screengrab)

Uttarakhand News: कहते हैं कि सरकारी दफ्तरों की चौखट पर अक्सर लोग अपनी दुश्वारियों का बोझ और माथे पर शिकन लेकर आते हैं, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसे 'नगीने' भी पहुंच जाते हैं जो गंभीर माहौल को गुदगुदाने वाले ठहाकों में बदल देते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प वाकया उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. 

दरअसल, पूरा मामला जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया की जनसुनवाई का है. डीएम साहिबा पूरी संजीदगी के साथ जनता के दुख-दर्द सुन रही थीं, तभी एक युवक अपनी फरियाद लेकर उनके सामने पेश हुआ. पहले तो उसने इलाके में पेयजल की किल्लत का रोना रोया, लेकिन जैसे ही बात आगे बढ़ी, उसने ऐसी बात कह दी कि सबकी हंसी छूट गई. खुद डीएम भी हंसने लगी.  

आपको बता दें कि युवक ने बड़े मासूमियत से कहा- "मैडम, पेयजल की समस्या तो है ही, पर मेरी अभी तक शादी भी नहीं हुई है... इस मामले में भी कुछ मदद कर दीजिए." फरियादी के मुंह से इतना सुनना था कि डीएम साहिबा अपनी हंसी नहीं रोक पाईं. गंभीर चेहरे वाले अधिकारी भी खिलखिला उठे और कमरे में मौजूद लोगों के ठहाकों से दफ्तर गूंज उठा.

इसके बाद डीएम स्वाति भदौरिया ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि वह उसकी शादी तो नहीं करा सकतीं, लेकिन हां, उसके घर पानी का कनेक्शन जरूर जल्द लगवा देंगी ताकि जब 'दुल्हन' आए तो उसे पानी की किल्लत न हो. फिलहाल, इस मजेदार बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement