scorecardresearch
 

'थार है, पनडुब्बी नहीं!' इंजन की ताकत देखने को गंगा में उतारी SUV, बीच धारा में फंसी तो क्रेन बुलानी पड़ गई

रुतबा दिखाने के लिए थार को गंगा की मुख्य धारा में उतार दिया. सोच थी कि एसयूवी पानी चीरते हुए निकल जाएगी. लेकिन कुछ ही मिनटों में गाड़ी बीच नदी में फंस गई, पानी भरने लगा और जान बचाने की नौबत आ गई. फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन और आखिर में पुलिस ने थार ही सीज कर दी.

Advertisement
X
गंगा में डूबने लगी थी थार. (Photo: ITG)
गंगा में डूबने लगी थी थार. (Photo: ITG)

'थार है भाई... कहीं भी निकल जाएगी!' शायद हरिद्वार के इन युवकों ने भी कुछ ऐसा ही सोचा होगा. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में किया गया यह स्टंट उन पर ही भारी पड़ गया. मामला हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप का है. यहां कुछ युवक अपनी महिंद्रा थार की ताकत पर इतने भरोसे में थे कि उसे सीधे गंगा की मुख्य धारा नीलधारा में उतार दिया. मकसद था गाड़ी की इंजन क्षमता और ऑफ-रोडिंग पावर को 'टेस्ट' करना.

शुरुआत में सब कुछ ठीक चलता दिखा, लेकिन जैसे ही थार नदी के बीच पहुंची, उसका बैलेंस बिगड़ गया. तेज बहाव और नदी के तल में फंसने की वजह से गाड़ी आगे बढ़ना बंद हो गई. देखते ही देखते थार पानी में डूबने लगी. अब तक जो युवक स्टंट का मजा ले रहे थे, उनके चेहरे पर घबराहट आ गई.

haridwar thar driven into ganga for engine test gets stuck police seizes suv

थार में दो युवक सवार थे. गाड़ी डूबती देख उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.

इसके बाद शुरू हुआ असली 'ऑफ-रोड रेस्क्यू'... क्रेन मंगाई गई और काफी मशक्कत के बाद गंगा की तेज धारा में फंसी थार को बाहर निकाला गया. पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर थार-स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी करने वाले 4 रईसजादे गिरफ्तार, गाड़ियां भी सीज, हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए

haridwar thar driven into ganga for engine test gets stuck police seizes suv

कनखल पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 जुलाई की है. जांच में सामने आया कि सार्वजनिक जगह पर खतरनाक स्टंट किया जा रहा था. इसलिए थार को मौके पर ही सीज कर दिया गया. पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत की गई है.

इस अभियान के जरिए सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों के कमेंट आ रहे हैं. कोई इसे 'ओवरकॉन्फिडेंस' बता रहा है तो कोई कह रहा है कि ऑफ-रोडिंग और लापरवाही में फर्क समझना भी जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement