समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के 'घुसपैठिया' वाले बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवाब दिया है. धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उनके स्वाभिमान और राज्य के लिए किए गए संघर्ष का अपमान है. उन्होंने इस मुद्दे पर अखिलेश यादव को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई गोलीबारी की याद दिलाई.
सीएम धामी ने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने राज्य के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया है. ऐसे में उनके सम्मान पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का अपना इतिहास है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता.
मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का किया जिक्र
धामी ने रामपुर तिराहा गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे. उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलीबारी हुई थी. धामी ने इस घटना की याद दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के संघर्ष और बलिदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
कांग्रेस से पूछा सवाल
धामी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी घेरा. उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के बयान से सहमत है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को मंजूर है? उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना रुख साफ करने को कहा.