scorecardresearch
 

सिर्फ पार्किंग पर हुई थी बहस, 4 निहंग श्रद्धालुओं ने खेला खूनी खेल, तलवार से हमले में चार घायल, एक की हालत नाजुक

चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे चार निहंग श्रद्धालुओं ने तलवारों से हमला कर स्थानीय लोगों को घायल कर दिया. घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे एयर एंबुलेंस से देहरादून भेजा गया.

Advertisement
X
निहंग श्रद्धालुओं ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर हमला किया. (Photo: Representational)
निहंग श्रद्धालुओं ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर हमला किया. (Photo: Representational)

उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस मामले में पुलिस ने चार निहंग श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि विवाद के दौरान तलवारों और धारदार हथियारों से हमला कर स्थानीय लोगों को घायल किया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय मंत्री सिंह, 23 वर्षीय जसनप्रीत सिंह, 23 वर्षीय अजय सिंह और 21 वर्षीय सतविंदर सिंह के रूप में हुई है. सभी आरोपी पंजाब के मोहाली के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

कर्णप्रयाग थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि घटना मंगलवार को हुई थी. इस मामले में स्थानीय निवासी गजपाल सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. शिकायत मिलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार विवाद कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में कृष्णा पैलेस होटल के पास हुआ. यहां स्थानीय व्यापारियों, प्रकाश रावत नाम के एक स्थानीय निवासी और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग श्रद्धालुओं के एक समूह के बीच वाहन पार्किंग को लेकर कहासुनी हो गई.

पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक मोड़, बाजार में मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद मामला हिंसक हो गया. पुलिस का आरोप है कि दो निहंग श्रद्धालुओं ने धारदार हथियारों से प्रकाश रावत पर हमला कर दिया. इस दौरान जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो दो अन्य निहंग श्रद्धालुओं ने भी उन पर हमला कर दिया. इस हमले में कुल चार लोग घायल हुए. पुलिस के मुताबिक घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है. गंभीर रूप से घायल शख्स को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून के अस्पताल भेजा गया है. अन्य तीन घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है.

Advertisement

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125, 109, 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी शख्स को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने बताया कि इलाके में पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो. फिलहाल क्षेत्र में शांति है और हालात नियंत्रण में हैं.

घटना के बाद गोविंदघाट स्थित श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने भी श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है. ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखनी चाहिए. मंगलवार रात जारी अपील में ट्रस्ट प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से यात्रा की गरिमा और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए व्यवहार करने का अनुरोध किया. ट्रस्ट ने कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि से बचना चाहिए जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या विवाद की स्थिति पैदा हो.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. साथ ही कहा कि किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और कानून को अपने हाथ में न लें. अपील में यह भी कहा गया कि सिख धर्म में हथियारों का उद्देश्य धर्म की रक्षा करना है, उनका दुरुपयोग नहीं. इसलिए श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान अनावश्यक हथियार साथ नहीं लाने चाहिए. विशेष रूप से बच्चों को किसी भी प्रकार के हथियार साथ रखने से हतोत्साहित किया जाना चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement