झांसी में रैली तो थी बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लेकिन मंच से राजनाथ सिंह और उमा भारती भी खूब गरजे. लंबे अरसे बाद किसी रैली में उमा भारती का वही पुराना अंदाज दिखा. पढ़ें उमा भारती का पूरा भाषण...
बोलिए भारत माता की जय
हम सबके बड़े भाई और आदर्श नरेंद्र मोदी जी,
उत्तर प्रदेश में अपराध मुक्त राज व्यवस्था लागू करने वाले मेरे बड़े भाई कल्याण सिंह जी
यहां उपस्थित बहनों भाइयों
बुंदेलखंड की धरती पर मोदी जी और राजनाथ जी का स्वागत. मैं मोदी जी को बताना चाहती हूं. ये जनता यहां मौजूद है, उसे सौ गुना मानना. सौ दंडी और एक बुंदेलखंडी बराबर बैठते हैं. ये लोग 100 करोड़ लोगों की ताकत रखते हैं. हमने झांसी में इतनी बड़ी सभा नहीं देखी. ये सब लोग मोदी जी के कारण उपस्थित हुए हैं. कारण, जो मोदी जी ने गुजरात में दिया है, आज देश की जनता चाहती है कि वैसे ही पूरे देश में शासन मिले.
गुजरात में महिलाएं सबसे ज्यादा सुरक्षित मानी जाती हैं. मैं चाहती हूं कि ऐसा सुरक्षित और भ्रष्टाचार मुक्त शासन देश को मिले. ये भूख है देश की जनता के अंदर आज. आज महिलाएं बीजेपी को और नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दें. समर्थन दें. नौजवान, जैसे हनुमान की सेना राम के साथ लग गई थी, वैसे ही आप भी भ्रष्टाचार की लंका को जलाने के लिए, सारे नौजवान बजरंग बली की सेना बन जाओ. उठाओ मेरे साथ हाथ. और ये संकल्प लो कि ये बुंदेलखंड की जनता भूख भय भ्रष्टाचार से मुक्त सरकार के लिए मोदी जी को चुनोगी.
कांग्रेस के युवराज ने गरीबों की खटिया पर बैठकर बहुत पकौड़े खाए. मायावती ने भी खूब घोषणाएं कीं. मगर नतीजा क्या रहा.
आज मुझे आपको ये संकल्प दिलाना है. बुंदेलखंड के किसानों, नौजवानों, बुजुर्गों, आज आप तय करो. मुझे अच्छी नहीं लगती ये मेरे बुंदेलखंड की बात. हमारे यहां के लोग बाहर मजदूरी करने जाते हैं. डूब मरने का मन करता है. आज मैं कहती हूं. ऐसा समय लाओ कि बुंदेलखंड के लोग मजदूरी करने नहीं, दिल्ली पर राज करने जाएं.
आपको कोई कमी नहीं है. नदियां हैं. मेहनत है, बुद्धि है बल है, इसलिए याद रखो, एक लड़ाई गीदड़ की होती है, एक शेर की. शेर अपना शिकार खुद करता है. गीदड़ इंतजार करता है, शेर की जूठन खाने के लिए. बुंदेलखंड के नौजवानों तय करो, शेर की तरह झपट्टा मारकर अपना शिकार करोगे.
आपको जरूरत है एक कानून वाली सरकार की. अब मैं भगवान राजा राम से प्रार्थना करती हूं, स्वर्ग में बैठी रानी लक्ष्मी बाई से प्रार्थना करती हूं कि वे नरेंद्र मोदी भाई को आशीर्वाद दें.कि वे भारत के भाग्य विधाता बनें.
भारत माता की जय.