
UP News: बांदा में मरीजों के हक की सरकारी दवाइयों के कूड़े में पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ है. हैरानी की बात यह है कि फेंकी गई दवाइयों में ऐसे सिरप और टेबलेट हैं जो एक्सपायर्ड भी नहीं हुए हैं. वहीं, कुछ एक्सपायर्ड हो चुकी दवाइयां अस्पताल के अंदर रखी मिलीं.
मामला न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परसौड़ा का है. यह वीडियो अस्पताल में ही काम करने वाले किसी कर्मचारी ने बनाया है. वीडियो वायरल होते ही CMO ने जांच के आदेश दिए हैं. 3 दिन तक जांच पूरी कर ली जाएगी. जो कोई भी इसमें दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो में देखा गया कि यहां तैनात मेडिकल स्टाफ ने बड़ी संख्या में दवाइयां कूड़े के ढेर में फेंकी हुई हैं. जिसमें ज्यादातर मल्टी विटामिन के सिरप हैं. हैरानी की बात ये है कि ज्यादातर सिरप एक्सपायर्ड भी नहीं हुए हैं. ये दवाइयां मरीजों के काम आ सकती थीं. ग्रामीणों ने फार्मासिस्ट पर दवा फेंकने का आरोप लगाया है. वहीं, वीडियो वायरल होने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है.

CMO अनिल श्रीवास्तव ने 'Aajtak' को बताया कि दवाइयों को कूड़े के ढेर में फेंकने की जानकारी मिली है. इसमें जांच कराई जा रही है. 3 दिन बाद रिपोर्ट आ जाएगी, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.