अमेरिका के मिसौरी में सड़क हादसे में तेलंगाना की 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई. महिला की पहचान महबूबाबाद जिले के मारीपेडा मंडल की रहने वाली दारम सुप्रिया के रूप में हुई है. हादसे की खबर से उनके परिवार और रिश्तेदारों में शोक है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुप्रिया सेंट लुइस के एक रेस्टोरेंट में काम खत्म करने के बाद अपनी एक दोस्त के साथ कार से घर लौट रही थीं. इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा रविवार रात करीब 2:20 बजे हुआ.
टक्कर के बाद सुप्रिया की मौके पर ही मौत हो गई. उनके साथ कार में सफर कर रही कोडाड की एक अन्य भारतीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुप्रिया ने करीब पांच साल पहले सॉफ्टवेयर कर्मचारी कोडुमुरी रंजीत से शादी की थी. दोनों का ढाई साल का एक बेटा है और वे मिसौरी में रह रहे थे.सुप्रिया की मौत की खबर से उनके माता-पिता, ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों में दुख है. उनके पिता दारम श्रीनिवास ने तेलंगाना सरकार से उनकी बेटी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने में मदद करने की अपील की है.
तेलंगाना फूड फेस्टिवल का आयोजन
हैदराबाद के बेगमपेट स्थित तेलंगाना टूरिज्म प्लाजा होटल में तेलंगाना फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. इसमें राज्य के पारंपरिक और क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद लोगों को मिल रहा है. होटल के शेफ प्रवीण ने बताया कि इस फेस्टिवल का मकसद तेलंगाना के पारंपरिक मसालों, रेसिपी और खान-पान की संस्कृति को लोगों तक पहुंचाना है. इसे 2024 में भी आयोजित किया गया था और मेहमानों की मांग पर दोबारा शुरू किया गया है.