scorecardresearch
 

B.Tech की पढ़ाई छोड़ी, 2024 में शादी... बुर्का में चोरियां करने लगी महिला, वीडियो देख सीखा था तरीका

ये कहानी 25 साल की एक महिला की है. उसने बीटेक की पढ़ाई छोड़ दी थी और हैदराबाद पहुंच चुकी थी. साल 2024 में उसकी शादी हो गई. इसके बाद उसने ऑनलाइन वीडियो देखकर चोरी का तरीका सीखा और बुर्का, ग्लब्स पहनकर शहर में चोरियां करने लगी. अब उसे पकड़ लिया गया है. उसके पास से करीब 70 लाख का सामान मिला है.

Advertisement
X
सीसीटीवी में कैद हुई महिला चोर की करतूत. (Photo: Screengrab)
सीसीटीवी में कैद हुई महिला चोर की करतूत. (Photo: Screengrab)

किसी घर के बाहर ताला लगा हो तो आमतौर पर इसका मतलब होता है कि घर के लोग कहीं बाहर गए हैं. लेकिन हैदराबाद के कुछ घरों के लिए यही बात चोरी की वजह बन गई. पुलिस का कहना है कि 25 साल की महिला ऐसे ही घरों पर नजर रखती थी. उसे पता चलता कि घर के लोग बाहर गए हैं, तो वह अपने बैग के साथ वहां पहुंचती. बैग में कपड़े या कोई सामान नहीं, बल्कि हाथ से चलने वाली कटर मशीन होती थी.

बुर्का पहनकर वह अपनी पहचान छिपाती और कटर मशीन से घर के दरवाजे का ताला तोड़ देती. फिर अंदर जाकर अलमारियां खंगालती और सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर निकल जाती. हैदराबाद पुलिस ने इस महिला को गिरफ्तार किया है. उसका नाम पगा जया है.

पुलिस के मुताबिक, जया ने ऑनलाइन वीडियो देखकर घरों के ताले तोड़ने के तरीके सीखे थे. पुलिस को शक है कि वह पांच चोरी के मामलों में शामिल रही है. उसके पास से करीब 48 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, नकदी और एक iPhone 17 बरामद किया गया है. बरामद सामान की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है.

hyderabad burqa clad woman learned theft online arrested 37 tolas gold recovered

लेकिन पुलिस जया तक पहुंची कैसे? इसकी कहानी 26 अक्टूबर को हुई एक चोरी से शुरू होती है. हैदराबाद की न्यू भारत नगर कॉलोनी में 55 साल के गंगम भास्कर रेड्डी अपने परिवार के साथ रहते हैं. 26 अक्टूबर को वह घर में ताला लगाकर परिवार समेत कोमुरावेली स्थित श्री मल्लन्ना स्वामी मंदिर गए थे.

Advertisement

घर खाली था. पुलिस के मुताबिक, इसी मौके का फायदा उठाकर जया वहां पहुंची. उसने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गई. इसके बाद मास्टर बेडरूम और बच्चों के कमरे की अलमारियां भी तोड़ दीं. वहां रखे सोने के गहने, चांदी का सामान और नकदी लेकर वह निकल गई.

यह भी पढ़ें: बुरहानपुर में ग्राहक बनकर आईं 3 महिलाएं, साड़ी में छिपाया जेवरों का बॉक्स, 45 लाख की चोरी CCTV में कैद

अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को घर में काम करने वाली महिला पहुंची. उसने दरवाजे के टूटे हुए ताले देखे. तुरंत परिवार को फोन किया. भास्कर रेड्डी वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती चीजें गायब थीं. इसके बाद उन्होंने उप्पल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की.

CCTV में दिखा काला बुर्का और हल्के नीले रंग का बैग

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि घर में चोरी किसने की? जांच के दौरान आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई. फुटेज में एक महिला काले बुर्के और दस्ताने पहने दिखाई दी. उसके कंधे पर हल्के नीले रंग का बैग था. पुलिस ने बताया कि महिला संदिग्ध घर के आसपास घूमती और ताले तोड़ने की कोशिश करती दिखी.

Advertisement

इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी जानकारी और निगरानी के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश की. जांच आगे बढ़ी तो शक पगा जया नाम की महिला पर गया. 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे उप्पल एक्स रोड्स पर एलबी नगर रूट के बस स्टॉप के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में उप्पल पुलिस के साथ सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) की टीम भी शामिल थी.

ऑनलाइन वीडियो देखकर सीखे थे ताले तोड़ने के तरीके

पुलिस का कहना है कि जया ने घरों में सेंधमारी के तरीके ऑनलाइन वीडियो देखकर सीखे थे. वह पहले ऐसे घरों को निशाना बनाती थी, जहां रहने वाले लोग बाहर गए हों. फिर अपने बैग में कटर मशीन और दूसरे औजार लेकर पहुंचती थी. पुलिस के मुताबिक, वह बुर्का, दस्ताने और दूसरे कपड़ों से अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करती थी. उसका मकसद था कि आसपास के लोग और CCTV कैमरे उसे आसानी से पहचान न सकें. जांच में पुलिस को यह भी शक हुआ कि चोरी के कुछ गहने जया ने बेच दिए या गिरवीं रख दिए थे. इनसे मिले पैसों से वह अपने शौक पूरे करती थी.

यहां देखें वीडियो

B.Tech छोड़ी, 2023 में हैदराबाद आई और 2024 में शादी हुई

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, पगा जया मूल रूप से तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवंचा की रहने वाली है. उसने कोठागुडेम के अनुबोस कॉलेज में B.Tech के पहले साल में दाखिला लिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ दी. इसके बाद वह 2023 में हैदराबाद आ गई. साल 2024 में उसकी शादी हुई. बाद में वह उप्पल की न्यू भारत नगर कॉलोनी में रहने लगी. जांच में सामने आया कि वह चोरी की वारदातों को पहले से प्लानिंग करती थी. घर खाली होने की जानकारी जुटाती और फिर वहां सेंधमारी करती थी.

पांच मामले, चार थाने और 70 लाख का सामान

पूछताछ के दौरान पुलिस को जया के पांच चोरी के मामलों में शामिल होने का शक है. ये मामले उप्पल, मेडिपल्ली, जगतगिरिगुट्टा और भद्राद्री कोठागुडेम टाउन-2 पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं. पुलिस ने उसके पास से करीब 48 तोला यानी लगभग 560 ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी के सामान, नकदी और एक iPhone 17 बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, बरामद संपत्ति की कीमत करीब 70 लाख रुपये है.

31 अक्टूबर को गिरफ्तारी के बाद जया को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पांचों मामलों में उसका कितना सामान बरामद हुआ है, बाकी गहने कहां गए और क्या वह दूसरी चोरी की वारदातों में भी शामिल थी. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement