आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक विनोद कुमार बिन्नी पर बीजेपी के इशारों पर बगावत करने का आरोप लगाया है. पार्टी का कहना है कि बिन्नी मंत्री पद न मिलने से नाराज हैं इसलिए वे अपनी ही पार्टी के सरकार के खिलाफ झूठे दावे कर रहे हैं.
पार्टी का मानना है कि बिन्नी ने अनुशासन तोड़ा है. उनके खिलाफ अनुशासत्मक कार्रवाई का मामला बनता है जिस पर अंतिम फैसला पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी को लेना है.
बिन्नी के धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद AAP नेता योगेंद्र यादव, संजय सिंह और आशुतोष सामने आए. योगेंद्र यादव ने कहा है कि आज बिन्नी जिस स्वर में अपनी ही सरकार के खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे थे उससे बहुत दुख हुआ. दुख इस बात का है कि एक ऐसी सरकार जिसने सत्ता में आने के बाद सबसे ज्यादा काम किया, उसके खिलाफ बेतुके सवाल उठाए जा रहे हैं.
बिन्नी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, 'दुख इस बात का भी है कि वो अपनी नाराजगी पार्टी के फोरम पर जाहिर कर सकते थे. पर उन्होंने मीडिया को चुना. मंगलवार शाम को पार्टी की बैठक हुई थी. इस दौरान सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई पर तब उन्होंने ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया पर अचानक कल के बाद से वे पार्टी के विरोध में बयानबाजी करने लगे.'
बीजेपी की स्क्रिप्ट पढ़ रहे थे बिन्नीः योगेंद्र यादव
उन्होंने कहा, 'बिन्नी ने आज जो बातें कहीं वे उनकी अपनी लिखी हुई नहीं थी. मानो वो कोई स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं. शायद ये स्क्रिप्ट बीजेपी ने लिखी थी. उन्होंने वही मुद्दे उठाए जिसकी चर्चा अब तक बीजेपी और डॉ. हर्षवर्धन करते आए हैं.'
चयन प्रक्रिया में इतना गड़बड़ी थी तो पहले क्यों नहीं बताया?
योगेंद्र यादव ने कहा, बिन्नी ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाया था. वे खुद भी तो टिकट स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य थे. अगर टिकट बंटवारे में इतना गलत हो रहा था तो उन्होंने ये बात पहले क्यों नहीं बताई. या फिर चुनाव खत्म होने के बाद बताते. जिम्मेदारी तो बनती थी. उनका विरोध देखकर यही प्रतीत हो रहा है कि उनके मन में मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने और लोकसभा का टिकट देने से इनकार करने को लेकर मलाल है. जिस वजह से वे पार्टी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं.'