scorecardresearch
 

'8वीं पास, कपड़े की दुकान पर काम...', टाइगर श्रॉफ केस में हथियार सप्लायर सुमित की कहानी है फिल्मी

टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार सुमित की मां आशा ने बेटे को बेगुनाह बताया है. उनका दावा है कि सुमित को खाटू श्याम जाने की बात कहकर कुणाल उर्फ भोला अपने साथ ले गया था. आशा के मुताबिक पुलिस ने पहले पूछताछ के लिए ले जाने की बात कही, लेकिन बाद में मुंबई बुलाया.

Advertisement
X
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में हो रहे हैं चौंकाने वाले खुलासे. (Photo: ITG)
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में हो रहे हैं चौंकाने वाले खुलासे. (Photo: ITG)

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में हथियार सप्लायर सुमित और कुणाल को दिल्ली की स्पेशल सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी सुमित की मां आशा अपने बेटे को बेगुनाह बता रही हैं. उनका दावा है कि कुणाल ही सुमित को खाटू श्याम जाने की बात कहकर अपने साथ ले जाया गया था. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि आगे चलकर बेटे का नाम इतने बड़े मामले में सामने आ जाएगा. अब परिवार के सामने बेटे की गिरफ्तारी के साथ-साथ मुंबई पहुंचने और कानूनी मदद जुटाने की भी चुनौती है.

'पूरी रात बात होती रही, फिर सुबह लौट आया बेटा'
हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा में रहने वाली आशा ने आज तक से बातचीत में बताया कि सुमित का संपर्क नितिन के जरिए कुणाल उर्फ भोला से हुआ था. आशा के मुताबिक, सुमित को बताया गया था कि वे लोग खाटू श्याम घूमने जा रहे हैं. इस बारे में रात करीब 3 बजे तक बातचीत हुई थी. उनका दावा है कि सुमित सुबह करीब 4 बजे घर लौट आया था. आशा का कहना है कि बेटे ने उन्हें किसी दूसरी बात की जानकारी नहीं दी थी.

'पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं', फिर मुंबई बुलाने का फोन
आशा ने बताया कि जब पुलिस उनके घर पहुंची, तब सुमित घर पर ही था. उनके मुताबिक पुलिस ने शुरुआत में कहा कि लड़ाई-झगड़े के मामले में पूछताछ के लिए सुमित को ले जाया जा रहा है. परिवार को यह भरोसा दिलाया गया कि मामले में उसके खिलाफ कोई बड़ी बात नहीं है. आशा का दावा है कि बाद में पुलिस की ओर से फोन आया और उन्हें मुंबई पहुंचने के लिए कहा गया.

Advertisement

आशा के सामने सबसे बड़ी परेशानी आर्थिक तंगी है. उन्होंने कहा कि परिवार मजदूरी करके घर चलाता है. उनके पास मुंबई जाने, वहां रहने और वकील करने तक के पैसे नहीं हैं. उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह अपने बेटे को छुड़ाने के लिए कहां जाएं और किससे मदद मांगें. परिवार को यह भी चिंता है कि बेटे के जेल जाने से घर का खर्च कैसे चलेगा.

'मेरा बेटा ऐसा नहीं है, उसे छोड़ दीजिए'
आशा ने सुमित पर लगे हथियार सप्लाई करने के आरोपों को खारिज किया. उनका कहना है कि सुमित आठवीं की परीक्षा दे चुका है और करीब तीन साल से कपड़े की दुकान पर काम कर रहा था. उन्होंने दावा किया कि इलाके के लोग और दुकानदार उसके व्यवहार के बारे में बता सकते हैं. आशा ने कहा कि उनका बेटा हथियार चलाना तो दूर, डंडा चलाने तक की हिम्मत नहीं रखता.

सुमित के चाचा टीकाराम ने भी परिवार की परेशानी बताई. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद परिवार को अलग-अलग जगहों पर जाने की बात बताई गई, लेकिन मुंबई जाने के लिए जरूरी साधन जुटाना आसान नहीं है.

फिलहाल सुमित और कुणाल को टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग से जुड़े मामले में हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सुमित की मां की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और अगर उनका बेटा निर्दोष है तो उसे न्याय मिले. हालांकि, सुमित की भूमिका और उस पर लगे आरोपों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement