बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर ने कहा कि राज्य के चतुर्दिक विकास के लिए अमन एवं शांति का होना आवश्यक है और प्रदेश सरकार द्वारा इस दिशा में उठाए गए प्रभावी कदमों के परिणामस्वरूप लोग भयमुक्त जीवन व्यतीत कर रहे हैं.
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस के अवसर अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में सभी तरह के अपराधों, खासकर अपहरण के मामलों में गिरावट आयी है वर्ष 2006 से 2009 के बीच 41445 अपराधियों को सजा सुनाई गयी. कुंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी जाति एवं समुदाय को साथ लेकर न्याय के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर है, जिसके कारण यहां कोई जातीय दंगा एवं नरसंहार नहीं हुआ है.
कुंवर ने कहा कि सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को समूल नष्ट करने के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है और अब तक भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध दायर 320 में से 305 मामलों में आरोप पत्र समर्पित किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि आय से अधिक संपत्ति जब्त करने के मामले में राज्य सरकार ने विशेष विधेयक 2009 विधानमंडल में पारित कराकर राष्ट्रपति के पास अनुमति प्राप्त करने के लिए भेजा है. भ्रष्ट लोक सेवकों के विरूद्ध आरोप पत्र समर्पित होने की सूचना देने वाले को प्रदेश सरकार ने 50 हजार रुपये पुरस्कार देने का निर्णय लिया है.
बिहार सरकार द्वारा प्रदेश के चतुर्दिक विकास के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने बताया कि अब राज्य में योजना का आकार 16 हजार करोड रुपये का हो गया है, जो वर्ष 2001-02 में मात्र 1471 करोड रुपये ही था.