scorecardresearch
 
देश के गौरव का भी ध्यान रखें कृष्णाः भाजपा

भाजपा ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बाद अब खुद भारतीय विदेश मंत्री एस एम कृष्णा द्वारा गृह सचिव जी के पिल्लई की सरेआम आलोचना किए जाने से देश के गौरव को चोट पंहुची है. पार्टी ने कृष्णा को अच्छे कपड़े पहनने के साथ देश के गौरव पर भी ध्यान देने की सलाह दी.

Advertisement
X

पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पाकिस्तान से वार्ता के संदर्भ में विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय का आपस में ही भिड़ जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में कुरैशी ने पिल्लई की तुलना हाफिज सईद से करके उनका अपमान किया था तो अब कृष्णा ने उनकी सरेआम आलोचना करके ऐसा किया.

प्रसाद ने कहा कि विश्व में देश के गौरव को चोट पंहुचाने वाले इस घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए. उन्होंने कहा कि इन दोनों को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किसके दबाव में देश का अपमान सह कर भी पाकिस्तान से वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है.

भारत-पाक वार्ता से ऐन पहले पिल्लई की ओर से की गई टिप्पणी को अस्वीकार करते हुए कृष्णा ने बुधवार को कहा था कि ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ समय में की गई इस टिप्पणी में उनकी पूरी इस्लामाबाद यात्रा उलझकर रह गई.

Advertisement

पिल्लई ने कहा था कि मुंबई आतंकी हमले की साजिश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी शुरू से आखिर तक शामिल थी.

प्रसाद ने कहा कि विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के बीच मची इस छिछालेदर से सबसे ज्यादा कुरैशी मुस्करा रहे होंगे. उन्होंने कहा कि कृष्णा को अच्छे कपड़े पहनने के साथ देश के गौरव का भी ध्यान रखना चाहिए.

Advertisement
Advertisement