क्या आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस की सलाह की अनदेखी कर जंतर मंतर पर बुधवार को रैली की थी. 21 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने आप को एक चिट्ठी भेजी थी जिसमें पार्टी को सुझाव दिया गया था वो जंतर मंतर पर रैली ना करें.
नई दिल्ली के डीसीपी ने अपनी चिट्ठी में कहा था कि पुलिस सूत्रों के मुताबिक रैली में करीब बीस हजार लोग जमा हो सकते हैं. संसद का सत्र चल रहा है इससे दिक्कत हो सकती है.
आम आदमी पार्टी को सलाह दी गई थी कि वो रामलीला मैदान में रैली के लिए डीसीपी सेंट्रल जिला से संपर्क करें, लेकिन आप ने सलाह की अनदेखी की.
केंद्र सरकार को मिली रिपोर्ट, राजनाथ देंगे बयान
इस बीच, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम जांच के लिए दौसा पहुंच चुकी हैं. वहीं गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री से दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने मुलाकात की. दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने उन्हे इस मामले में पूरी रिपोर्ट सौंपी. राजनाथ सिंह इस मामले में गुरुवार संसद में बयान दे सकते हैं.