scorecardresearch
 

बीजेपी ने लालू यादव से मांगी माफी

लोकसभा में बुधवार को जनगणना के मुद्दे पर चर्चा के दौरान राजद के लालू प्रसाद के खिलाफ बीजेपी सदस्य अनंत कुमार की आपत्तिजनक टिप्पणी पर बीजेपी ने उनसे माफी मांग ली जिसके बाद सदन सुचारू रूप से चल पड़ा.

Advertisement
X

लोकसभा में बुधवार को जनगणना के मुद्दे पर चर्चा के दौरान राजद के लालू प्रसाद के खिलाफ बीजेपी सदस्य अनंत कुमार की आपत्तिजनक टिप्पणी पर बीजेपी ने उनसे माफी मांग ली जिसके बाद सदन सुचारू रूप से चल पड़ा.

कार्यवाही शुरू होते ही सदन में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा ‘कल मेरे एक साथी की तरफ से लालू जी के प्रति कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. मैंने कार्यवाही की रपट मंगा कर देखी है और जिस शब्द का इस्तेमाल किया गया, मैं उसकी पृष्ठभूमि में नहीं जाना चाहती.’ उन्होंने कहा ‘मैं बिना किसी किंतु-परंतु के उस शब्द के लिए उनसे माफी मांगती हूं.’

इस पर लालू प्रसाद ने कहा ‘माफ कर देता हूं लेकिन उनसे कहिए कि आगे ऐसा नहीं करें.’ इसके बाद सुषमा ने चुटकी लेते हुए कहा ‘..और कल जिस तरह से लालू भाई उत्तेजना में आगे बढ़ रहे थे, उसके लिए भी मैं लालू जी की ओर से क्षमा याचना करती हूं.’

Advertisement

उल्लेखनीय है कि जब जनगणना के मुद्दे पर बुधवार को चर्चा के दौरान बीजेपी नेता अनंत कुमार की ओर से अवैध आप्रवासियों का मुद्दा उठाए जाने पर लालू प्रसाद ने बार बार आपत्ति जतायी तो बीजेपी सदस्य ने राजद प्रमुख से स्पष्ट करने को कहा कि ‘आप भारत के साथ हैं या पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ.’ इसके बाद अनंत कुमार ने लालू पर आरोप लगाते हुए कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसका लालू सहित कई दलों के सदस्यों ने कड़ा प्रतिवाद किया था.

सपा, राजद, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेसी सदस्यों द्वारा अनंत कुमार से माफी मांगे जाने की मांग करने पर बीजेपी नेता ने कहा था कि ‘गद्दार और देशद्रोही’ शब्द असंसदीय नहीं हैं. इस पर इन दलों के नेताओं का कहना था कि ये शब्द असंसदीय भले ही न हों लेकिन इनका इस्तेमाल एक सदस्य के लिए किया गया है. बाद में संसद की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा था.

Advertisement
Advertisement