अपने बड़बोलेपन के लिए मशहूर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या से विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की प्रस्तावित 84 कोसी यात्रा पर समाजवादी पार्टी सरकार के प्रतिबंध में ‘मैच-फिक्सिंग’ की गई है.
बेनी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस खाद्य सुरक्षा विधेयक को पारित कराने के लिए सभी दलों को साथ में लाना चाहती है और पार्टी के अन्य नेता यूपीए को बाहर से समर्थन दे रही सपा पर निशाना साधने से बच रहे हैं.
विहिप की यात्रा पर उठे विवाद के बारे में जब पूछा गया तो बेनी ने मुस्कराते हुए कहा, ‘खाद्य सुरक्षा विधेयक लटका हुआ है. मैं मुलायम सिंह यादव के खिलाफ नहीं बोल रहा. मैच फिक्सिंग हुई है. यह दिखावटी तकरार का मामला है.’ हालांकि बेनी के आरोपों के सवालों पर कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया.
उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं कह सकता कि मैच-फिक्सिंग हुई है. मैं कैसे कह सकता हूं. बेनी प्रसाद वर्मा ने क्या कहा या क्या नहीं कहा, मैं उस पर टिप्पणी नहीं कर सकता. मैंने इसे नहीं सुना.’ हालांकि अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री के रहमान खान ने यात्रा पर रोक लगाने के सपा के फैसले पर उसका समर्थन जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सही फैसला किया है.
खान ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने सही निर्णय लिया है, क्योंकि इस यात्रा का एकमात्र मकसद शांति को बाधित करना है जबकि सरकार को कानून व्यवस्था बनाकर रखनी है. उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से यह सही फैसला लिया गया है.’ कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर चुनाव जीतने के लिए राजनीति को सांप्रदायिक रंग देने और ध्रुवीकरण का प्रयास करने का आरोप लगाया.
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह उसी दिन स्पष्ट हो गया था, जिस दिन नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी अमित शाह को बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों का प्रभारी महासचिव बनाया था.
सिंह ने कहा, ‘इसमें नया कुछ नहीं है. कोई हैरानी की बात नहीं है. क्योंकि यही उनका एजेंडा है- साम्प्रदायीकरण, ध्रुवीकरण और चुनाव जीतने का प्रयास. यह बीजेपी का फार्मूला है, शुरू से बीजेपी की रणनीति है. इसमें नया क्या है.’
विहिप ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी पार्टी के सहयोगी आजम खान के दबाव में आकर ‘84-कोसी पदयात्रा’ पर प्रतिबंध लगा दिया है.