विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सत्याग्रह छेड़ने के तीन महीने बाद रामदेव ने आज नया मोर्चा खोला. झांसी से उन्होंने स्वाभिमान यात्रा शुरू की है.
इसकी शुरुआत योग शिविर से हुई है. रामदेव आज एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में सामने आए. सरकार के खिलाफ वही तल्ख तेवर. भ्रष्टाचार पर वही हमलावर अंदाज.
दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई पुलिसिया कार्रवाई के करीब साढ़े तीन महीने बाद एक बार फिर से योग गुरु रामदेव ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
स्वामी रामदेव आज झांसी से काले धन और भ्रष्टाचार के खिलाफ देश भर में अलख जगाने के लिए भारत स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं.
यात्रा से एक दिन पहले योग गुरु जब खुली गाड़ी में झांसी की सड़कों पर निकले तो उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण भी साथ थे. रामदेव के मुताबिक झांसी से शुरू हो रही भारत स्वाभिमान यात्रा के दौरान वो यूपी, उत्तराखंड और पंजाब समेत पूरे देश में घूमेंगे.