सपा से निष्कासित नेता अमर सिंह ने बालीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन से अपने ताजा रिश्तों का संकेत देते हुए कहा कि वह अपनी ताजा मुंबई यात्रा में अभिनेता के घर में नहीं रूक पाये हालांकि वह जया बच्चन से मिले और उन्हें जन्मदिन पर बधाई दी.
अमर सिंह ने अपने ब्लाग में लिखा, ‘आज मन बहुत हल्का है. पहली बार बच्चनजी के घर नहीं रूका. अमूमन भीड़ के कारण होटल का कमरा तो कई बार लिया था लेकिन सोने अमितजी के घर ही जाता था.’ पार्टी से निकाले जाने के बाद साथ नहीं देने के कारण जया बच्चन के बारे में अपनी कसक को सार्वजनिक रूप से व्यक्त कर चुके अमर सिंह ने ब्लाग में लिखा, ‘जया जी काफी बीमार हैं. कल उनका जन्मदिन भी था. घर जाकर उन्हें बधाई दी. उनका हालचाल पूछा और चल दिया. कुछ भी अजीब नहीं लगा.’
इससे पूर्व अमर सिंह नई दिल्ली में हुई क्षत्रिय महारैली में यह कह चुके थे कि जया बच्चन यदि उनका साथ देती तो अच्छा था. उनकी इस टिप्पणी के बाद यह अटकलें तेज हो गयी थी कि अपने को अमिताभ का छोटा भाई बताने वाले अमर सिंह और बच्चन परिवार के बीच दूरियां आ गयी हैं.
इस टिप्पणी के कुछ ही दिनों बाद बच्चन और अमर सिंह एक कार्यक्रम में एकसाथ दिखायी दिये. इस कार्यक्रम में अमर सिंह ने सिने अभिनेता की जमकर तारीफ की थी.