साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजस्थान में सियासी दलों ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा का समापन अजमेर संभाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होगा. वहीं कांग्रेस भी संकल्प यात्रा रैली के माध्यम से अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रही है.
सीटों के लिहाज से राजस्थान के सबसे बड़े क्षेत्र मारवाड़ में जोधपुर संभाग के 6 जिले-बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, पाली, सिरोही की कुल 33 सीट और नागौर जिले की 10 सीटों को मिलाकर कुल 43 विधानसभा क्षेत्र हैं. कभी कांग्रेस का गढ़ रहे मारवाड़ में पिछले चुनाव में बीजेपी ने 39 सीट जीत कर इस गढ़ को ढहा दिया. कांग्रेस के खाते में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सीट समेत महज तीन सीट आई जबकि एक सीट पर निर्दलीय ने कब्जा जमाया.
जोधपुर जिले की दस विधानसभा-फलोदी, लोहावट, ओसियां, शेरगढ़, जोधपुर, सूरसागर, सरदारपुरा, बिलाड़ा, भोपालगढ़ और लूणी सीट में 9 पर बीजेपी का कब्जा है. जबकि सरदारपुरा विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायक हैं.
जोधपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या 128 की बात करें तो यह सामान्य सीट है. 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की जनसंख्या 295683 है जो पूरी तरह से शहरी क्षेत्र है. कुल आबादी का 7.66 फीसदी अनुसूचित जाति और 1.06 फीसदी अनुसूचित जनजाति हैं. 2017 की वोटर लिस्ट के मुताबिक इस सीट पर मतादाताओं की संख्या 195677 है और 177 पोलिंग बूथ हैं. 2013 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 65.07 फीसदी और 2014 के लोकसभा चुनाव में 63.12 फीसदी वोटिंग हुई थी. पिछले तीन विधानसभा चुनावों से लगातार जोधपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी का कब्जा बना हुआ है.
2013 विधानसभा चुनाव का परिणाम
साल 2013 के विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते हुए बीजेपी विधायक कैलाश चंद भंसाली ने कांग्रेस के सुपारस भंडारी को 14510 मतों से पराजित किया. बीजेपी के कैलाश चंद भंसाली को 60928 और कांग्रेस के सुपारस भंडारी को 46418 वोट मिले थें.
2008 विधानसभा चुनाव का परिणाम
साल 2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के कैलाश चंद भंसाली ने कांग्रेस से पूर्व विधायक जुगल भंडारी को 8599 वोट से शिकस्त दी. बीजेपी के कैलाश चंद भंसाली को 49122 और कांग्रेस के जुगल भंडारी को 40523 वोट मिले थें.