scorecardresearch
 

राजस्थान चुनाव: क्या शेरगढ़ में बीजेपी चौथी बार मारेगी बाजी?

राजस्थान में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं, साल 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 163 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई. बसपा को 3, NPP को 4, NUZP को 2 सीटें मिली थीं. जबकि 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे.

Advertisement
X
बीजेपी के बाबू सिंह राठौड़ जोधपुर की शेरगढ़ विधानसभा से लगातार तीसरी बार विधायक हैं
बीजेपी के बाबू सिंह राठौड़ जोधपुर की शेरगढ़ विधानसभा से लगातार तीसरी बार विधायक हैं

राजस्थान के चुनावी रण में सियासी घेरेबंदी शुरू हो गई है. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह सूबे का ताबड़तोड़ दौरा कर रहे हैं. वहीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी गौरव यात्रा के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का तमगा लेकर जनता के बीच जा रहीं हैं. कांग्रेस भी संकल्प यात्रा रैली के माध्यम से सरकार की नाकामियां उजागर करने में लगी है.

सीटों के लिहाज से राजस्थान के सबसे बड़े क्षेत्र मारवाड़ में जोधपुर संभाग के 6 जिले-बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, पाली, सिरोही की कुल 33 सीट और नागौर जिले की 10 सीटों को मिलाकर कुल 43 विधानसभा क्षेत्र हैं. कभी कांग्रेस का गढ़ रहे मारवाड़ में पिछले चुनाव में बीजेपी ने 39 सीट जीत कर इस गढ़ को ढहा दिया. कांग्रेस के खाते में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सीट समेत महज तीन सीट आई जबकि एक सीट पर निर्दलीय ने कब्जा जमाया.

Advertisement

जोधपुर जिले की दस विधानसभा-फलोदी, लोहावट, ओसियां, शेरगढ़, जोधपुर, सूरसागर, सरदारपुरा, बिलाड़ा, भोपालगढ़ और लूणी सीट में 9 पर बीजेपी का कब्जा है. जबकि सरदारपुरा विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायक हैं.

शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र संख्या 124 की बात करें तो यह सामान्य सीट है. 2011 की जनगणना के अनुसार यहा की जनसंख्या 381496 है जो पूरी तरह से ग्रामीण क्षेत्र है. वहीं कुल आबादी का 18.4 फीसदी अनुसूचित जाति और 5.62 फीसदी अनुसूचित जनजाति हैं. 2017 की वोटर लिस्ट के अनुसार यहां मतदाताओं की संख्या 237405 हैं और 272 पोलिंग बूथ हैं. 2013 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 79.31 फीसदी वोटिंग हुई थी, तो वही 2014 लोकसभा चुनाव में 59.16 फीसदी मतदान हुआ था.

2013 विधानसभा चुनाव का परिणाम

साल 2013 के विधानसभा चुनाव में शेरगढ़ सीट पर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करते हुए बीजेपी विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने कांग्रेस के उम्मेद सिंह राठौड़ को 6327 वोट से हराया. बीजेपी के बाबू सिंह राठौड़ को 81297 और कांग्रेस के उम्मेद सिंह राठौड़ को 74970 वोट मिले थें.

2008 विधानसभा चुनाव का परिणाम

साल 2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के उम्मेद सिंह राठौड़ को 2302 वोट से शिकस्त दी. बीजेपी के बाबू सिंह राठौड़ को 55085 और कांग्रेस के उम्मेद सिंह राठौड़ को 52783 वोट मिले थें.

Advertisement

Advertisement
Advertisement