scorecardresearch
 

'24 घंटे में हो गिरफ्तारी वरना...', मृतक अधिकारी रंधावा के परिजनों का सरकार को अल्टीमेटम

पंजाब में एक वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया था. मामले में लालजीत सिंह भुल्लर को मंत्री पद से इस्तीफा भी देना पड़ गया. वहीं अब मृतक अधिकारी के परिजन भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं.

Advertisement
X
लालजीत सिंह भुल्लर. (File Photo/ITG)
लालजीत सिंह भुल्लर. (File Photo/ITG)

पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के एक अधिकारी ने सुसाइड कर लिया था. जिसका एक सुसाइड वीडियो भी सामने आया था. इस वीडियो में अधिकारी ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था. जिसके बाद भुल्लर ने शनिवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. वहीं अब भुल्लर को गिरफ्तार करने मृतक अधिकारी के परिजनों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. 

मृतक अधिकारी रंधावा के परिवार ने पहले ही कह दिया है कि जब तक भुल्लर की गिरफ्तार नहीं हो जाती है, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे. सोमवार को अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए रंधावा के परिवार ने भुल्लर की अब तक गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई और मांग की कि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.

यह भी पढ़ें: पंजाब: CM मान ने मंत्री लालजीत सिंह की कैबिनेट से कर दी छुट्टी, इस मामले में हुआ एक्शन

रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर, जो एक विज्ञान शिक्षिका हैं. उन्होंने कहा, "यह मेरा अल्टीमेटम है कि अगर 24 घंटे के भीतर कुछ नहीं किया गया, तो मैं अपने बच्चों (दो बेटियों और एक बेटे) के साथ सड़कों पर उतर आऊंगी." सोमवार को सोशल मीडिया पर एक CCTV फुटेज सामने आया. जिसमें रंधावा को कोई जहरीला पदार्थ खाते हुए देखा जा सकता है. 

Advertisement

पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया.

शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें रंधावा जिनके पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था. उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है. वीडियो में रंधावा को यह कहते हुए सुना गया कि "तुम्हारे दोस्त ने 'सल्फास' खा ली है. अब मैं बचूंगा नहीं.

पत्नी ने शिकायत में इन बातों का किया है जिक्र

पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में रंधावा की पत्नी कौर ने दावा किया कि उनके पति पर लगातार दबाव डाला जा रहा था कि वे भुल्लर के पिता को एक गोदाम का टेंडर दें. साथ ही उन्हें व उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी. कौर ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि उनके पति ने बताया था कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं.

रंधावा की पत्नी कौर ने अपनी शिकायत में कहा कि भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और उनके PA दिलबाग सिंह ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि अगर टेंडर सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर मंज़ूर नहीं हुआ, तो रंधावा और उनके परिवार को इसके बुरे नतीजे भुगतने पड़ेंगे. FIR के मुताबिक रंधावा को 13 मार्च को पट्टी में भुल्लर के घर बुलाया गया था. जहां उन्हें बेइज्ज़त किया गया और उनके साथ मारपीट की गई.

Advertisement

कौर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पति को बंदूक की नोक पर यह कबूल करने के लिए मजबूर किया गया कि उन्होंने किसी दूसरी पार्टी को गोदाम का टेंडर देने के लिए 10 लाख रुपये लिए थे. हालांकि तरन तारन की पट्टी सीट से विधायक भुल्लर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement