पंजाब के फाजिल्का जिले में एक लड़की को लव मैरिज करने की खौफनाक सजा दी गई. आरोप है कि मायके वालों ने गर्भवती बेटी के पेट पर कई बार लात मारी. साथ ही उसकी ससुराल वालों पर जानलेवा हमला किया. वहीं, आरोपी पक्ष का भी कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई है. इस घटना में दोनों पक्षों के करीब 12 लोगों को चोटें आई हैं. जिनका उपचार चल रहा है.
अस्पताल में भर्ती पिरथी की पत्नी सीमा ने बताया कि उसके बेटे रवि कुमार ने पड़ोस में रहने वाली ललिता से करीब नौ महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी. इसी बात को लेकर ललिता के परिजन उनसे रंजिश रखते हैं. इसी रंजिश में बहू के मायके वाले अक्सर उनसे किसी न किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा करते हैं.
'10 से ज्यादा लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए'
महिला के मुताबिक, बीती रात गली में जानवरों को चारा डालने को लेकर उन लोगों ने विवाद किया. देखते ही देखते गाली-गलौज करते हुए 10 से ज्यादा लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए. विरोध करने पर उन लोगों ने उसे, उसके बेटे और बेटी के साथ मारपीट की.
'बहू बचाने आई तो लोगों ने उसके पेट पर लात मारी'
इस दौरान जब बहू बचाने के लिए आई तो लोगों ने उसके पेट में कई बार लात मारी. इससे वो बेसुध हो गई और कराहने लगी. वहीं, इसी मामले में घायल दूसरे पक्ष की सुरजा राम की पत्नी दाखा देवी ने बताया कि बेटी पक्ष के लोग उनके घर के सामने नाले में भूंसा डालते हैं, जिसे कल साफ कर रहे थे.
शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी- पुलिस
इसी बात को लेकर विवाद करते हुए सीमा और उसके परिवार ने मारपीट की. बीच-बचाव के लिए आए सुरजा राम और बहू सुमेशता को उन लोगों ने पीटा. इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक शिकायत नहीं मिली है. जैसे ही शिकायत मिलेगी, कार्रवाई करेंगे.