scorecardresearch
 

लड़की की मदद करने पर हुआ था कत्ल... मोगा सरपंच हत्याकांड में खुलासा, जम्मू-कश्मीर से 4 आरोपी पकड़े गए

पंजाब में मोगा के बाघापुराना में 6 मार्च को हैप्पी सरपंच हत्याकांड में 4 मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. जम्मू कश्मीर से चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मोगा लाया गया है. पुलिस का कहना है कि एक महिला की मदद करने पर सरपंच का कत्ल किया गया था. महिला के पति और पति के दोस्त ने गोली चलाई थी.

Advertisement
X
जम्मू कश्मीर से चार आरोपी पकड़े गए. (Photo: Screengrab)
जम्मू कश्मीर से चार आरोपी पकड़े गए. (Photo: Screengrab)

पंजाब में मोगा जिले के बाघापुराना में 6 मार्च को गांव पत्तो हीरा सिंह के सरपंच हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावर फॉर्च्यूनर में सवार होकर आए थे, जिन्होंने भरे बाजार दिनदहाड़े गोली चलाई थी. सरपंच की हत्या के बाद रूपिंदर कौर नाम की महिला ने मीडिया के सामने कुछ बयानों में कहा था कि सरपंच हरविंदर सिंह हैप्पी उनकी मदद करते थे, जिस कारण उसके पति और परिवार वालों ने ही हैप्पी की हत्या कर दी.

मृतक के पिता ने कहा था कि उनका बेटा गांव जेमल वाला की एक लड़की की मदद करता था, जिसके चलते उसके पति और परिवार ने बेटे की हत्या करवा दी. बाघापुराना पुलिस ने मृतक सरपंच के पिता के बयान के आधार पर रूपिंदर कौर के पति मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू, जोबनप्रीत सिंह, जसवंत सिंह, जसकरण सिंह उर्फ जासू और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था.

सरपंच की हत्या के बाद चारों आरोपी जम्मू-कश्मीर भाग गए थे. पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की. आखिरकार चारों आरोपी जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार कर लिए गए, इसके बाद उन्हें मोगा पुलिस के हवाले कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: 'मैं तेरी सास को मार आया...' पत्नी की हत्या कर दी, फिर दामाद को किया कॉल और हो गया फरार, सहारनपुर में सनसनीखेज वारदात

Advertisement

इस मामले में बाघापुराना के डीएसपी दलबीर सिंह ने बताया कि मोगा पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू की पहचान कर ली थी, जबकि बाकी तीन आरोपियों की पहचान बाद में हुई.

जांच में सामने आया कि चारों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए गांव राउके कलां से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी किराए पर ली थी. हत्या के बाद उन्होंने वह गाड़ी एक गांव में अपने किसी रिश्तेदार के घर के बाहर छोड़ दी. खुद दूसरी गाड़ी में सवार होकर जम्मू-कश्मीर की तरफ फरार हो गए.

moga sarpanch murder four main accused arrested from jammu kashmir

मोगा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर गाड़ी को बरामद कर लिया. इसके बाद टेक्निकल टीम और मोगा सीआईए स्टाफ ने आरोपियों का पीछा किया.

यह भी पढ़ें: चार दिन कमरे में बंद, फिर मिली लाश! मोतिहारी में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

इस दौरान चारों आरोपी जम्मू-कश्मीर के लद्दाख इलाके में अपनी गाड़ी खराब होने के कारण रुक गए, जहां जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू, योगेश शर्मा, हरविंदर सिंह उर्फ हिन्दा और जसनप्रीत सिंह उर्फ जस्सा के रूप में हुई है.

एक पिस्टल लाइसेंसी, दो हथियार अवैध

Advertisement

मनप्रीत सिंह बबलू का नाम पहले से ही एफआईआर में दर्ज था, जबकि बाकी तीनों के नाम भी अब एफआईआर में शामिल कर लिए गए हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं. इनमें एक पिस्टल मनप्रीत सिंह बबलू की लाइसेंसी है, जबकि दो अन्य पिस्टल अवैध हैं. पुलिस का कहना है कि इस वारदात में करीब 15 राउंड फायर किए गए थे. सभी आरोपी मनप्रीत सिंह बबलू के दोस्त बताए जा रहे हैं.

रूपिंदर कौर की कोई भूमिका नहीं आई सामने

डीएसपी ने बताया कि मनप्रीत सिंह बबलू के भाई जोबनप्रीत सिंह, पिता जसवंत सिंह और जसकरण सिंह जस्सू का नाम भी एफआईआर में है. जांच के दौरान जो भी व्यक्ति आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में रूपिंदर कौर की कोई भूमिका सामने नहीं आई है. जम्मू-कश्मीर से चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मोगा लाया गया, यहां पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि मामले में आगे की गहन जांच की जा सके.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: तन्मय सामंत)
Live TV

Advertisement
Advertisement