scorecardresearch
 

पहले चारा लादा, फिर बैल से खिंचवाई नई नवेली कार... 5 महीने से RC का इंतजार, पंजाब में मालिक का अनोखा विरोध

पंजाब के मोगा में नई कार की RC पांच महीने तक न बनने से परेशान एक ग्राहक ने अनोखे अंदाज में विरोध किया. 31 लाख 30 हजार रुपये की गाड़ी खरीदने वाले दविंदरपाल सिंह ने अपनी नई कार पर चारा लादा और उसे बैल से खिंचवाकर सड़क पर प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि बिलिंग में गड़बड़ी के चलते गाड़ी का रजिस्ट्रेशन अटका हुआ है और बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ.

Advertisement
X
कार की RC 5 महीने से नहीं बन पा रही. (Photo: Screengrab)
कार की RC 5 महीने से नहीं बन पा रही. (Photo: Screengrab)

पंजाब के मोगा से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप भी दो सेकंड के लिए सोचेंगे- ये गाड़ी है या बैलगाड़ी? गाड़ी है बिल्कुल नई... कीमत करीब 31 लाख 30 हजार रुपये. लेकिन पांच महीने से सड़क पर चलने का इंतजार कर रही है, क्योंकि इसकी RC ही नहीं बनी. अब गाड़ी मालिक का सब्र जवाब दे गया. उन्होंने कार की छत पर चारा लादा और फिर उसे बैल से खिंचवाकर सड़क पर निकल पड़े.

मामला पंजाब के मोगा का है. गाड़ी के मालिक दविंदरपाल सिंह का कहना है कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले 31 लाख 30 हजार रुपये में कार बुक कराई थी. इसके बाद एजेंसी ने गाड़ी की कीमत बढ़ने की बात कही और उनसे करीब 54 हजार रुपये और जमा करवा लिए गए. पैसा गया, गाड़ी मिली... लेकिन RC नहीं मिली.

दविंदरपाल सिंह के मुताबिक, जब वह गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए चंडीगढ़ के RTO ऑफिस पहुंचे तो वहां उन्हें बताया गया कि बिलिंग में दर्ज रकम और RTO के रिकॉर्ड में दर्ज रकम में अंतर है. यानी कागजों में रकम का हिसाब ही मैच नहीं कर रहा था. अधिकारियों ने कहा कि जब तक बिलिंग सही नहीं होगी, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकता.

Moga Customer Pulls New Car With Bull After RC Delay Five Months

दविंदरपाल का कहना है कि उन्होंने कंपनी और एजेंसी के चक्कर लगाए. अधिकारियों से बात की. समस्या बताई. लेकिन मामला सुलझा नहीं. उनके मुताबिक, मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था नहीं है और बिलिंग लुधियाना से होती है. इसी वजह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नाले में खड़े होकर काटा बर्थडे केक... आगरा में BJP पार्षद का अनोखा विरोध, बोले- 14 साल से नहीं हुई सफाई

अब तक आप सोच रहे होंगे कि आखिर आदमी कितनी बार कंपनी के चक्कर लगाएगा? दविंदरपाल ने भी शायद यही सोचा. और फिर जो हुआ, वो मोगा की सड़कों पर चर्चा का विषय बन गया. दविंदरपाल के मुताबिक, एजेंसी के एक कर्मचारी ने कथित तौर पर उनसे कह दिया था- अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो.

ग्राहक ने इस बात को दिल पर ले लिया. उन्होंने नई नवेली कार की छत पर चारा लादा. फिर गाड़ी को बैल से खिंचवाया. यह अनोखा विरोध प्रदर्शन उन्होंने कंपनी के सामने से लेकर GT रोड और मोगा शहर तक किया. यानी जिस कार को खरीदकर आराम से सड़क पर चलाने का सपना था, वही कार बैल से खींची जा रही थी और उस पर लदा था चारा.

Moga Customer Pulls New Car With Bull After RC Delay Five Months

दविंदरपाल का कहना है कि उन्होंने यह तरीका इसलिए अपनाया, ताकि कंपनी और प्रशासन तक उनकी परेशानी पहुंचे. उनका सवाल भी सीधा है- जब लाखों रुपये देने के बाद भी गाड़ी की RC नहीं बन रही, तो आखिर ग्राहक करे क्या?उन्होंने कंपनी और एजेंसी से मांग की है कि बिलिंग से जुड़ी समस्या को जल्द ठीक किया जाए और उनकी गाड़ी की RC बनवाई जाए.

Advertisement

इस पूरे मामले में अभी संबंधित एजेंसी या कंपनी का पक्ष सामने नहीं आया है. फिलहाल मोगा की सड़कों पर 31 लाख की कार और उसके आगे बैल की तस्वीर खूब चर्चा में है. गाड़ी भले ही नई हो, लेकिन मालिक का धैर्य पांच महीने पुराना हो चुका है. और विरोध का संदेश भी साफ है- RC नहीं मिली तो कार चारा तो ढो ही सकती है.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: तन्मय सामंत)
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement