scorecardresearch
 

पंजाब: कूड़े के ढेर में जोरदार धमाका, भैंस के गंभीर रूप से घायल, लोगों में दहशत

पंजाब के मलेरकोटला के हथोआ रोड पर कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई. धमाके से भैंस की एक टांग कट गई और पेट फट गया. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है, कारण स्पष्ट नहीं हुआ है.

Advertisement
X
कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका. (Photo: Screengrab)
कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका. (Photo: Screengrab)

पंजाब के मलेरकोटला जिले के हथोआ रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंदे नाले के पास पड़े कूड़े के ढेर में अचानक तेज धमाका हो गया. यह धमाका इतना जोरदार था कि वहां मौजूद एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई. जानकारी के अनुसार भैंस रोज की तरह इलाके में घूम रही थी और कूड़े के ढेर में से गुजर रही थी, तभी अचानक विस्फोट हो गया. धमाके के कारण भैंस की एक टांग कट गई और उसका पेट बुरी तरह फट गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.

धमाके की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. घायल भैंस के मालिक हामिद हमजा ने बताया कि उनकी भैंस सामान्य रूप से इलाके में घूम रही थी, लेकिन अचानक हुए विस्फोट ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना मिलने के बाद मलेरकोटला के एसएसपी गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पूरे इलाके को घेर लिया गया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी गई. पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि धमाके के कारणों की जांच की जा सके.

कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी जगह पर पिछले साल भी इसी तरह का धमाका हुआ था. इस वजह से इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीर जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. 

Advertisement

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला किसी पटाखे या विस्फोटक सामग्री से जुड़ा लग रहा है. हालांकि उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्टर- कुलवीर सिंह
Live TV

Advertisement
Advertisement