scorecardresearch
 

चलती ट्रेन में टूटा कपलर, दो हिस्सों में बंटी वैष्णो देवी स्पेशल, 1200 यात्री बाल-बाल बचे

पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया. वैष्णो देवी जा रही न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन का एक कोच अचानक अपने साथ वाले डिब्बे से अलग हो गया. हादसे के वक्त ट्रेन स्टेशन से निकल ही रही थी, जिससे 1200 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई.

Advertisement
X
स्टेशन पर मची अफरातफरी.(Photo: Screengrab)
स्टेशन पर मची अफरातफरी.(Photo: Screengrab)

पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. वैष्णो देवी जा रही करीब 1200 यात्रियों से भरी न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन का एक कोच अचानक अपने साथ वाले डिब्बे से अलग हो गया. घटना के दौरान तेज आवाज सुनकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई और लोग घबराकर कोच से बाहर निकल आए.

जानकारी के मुताबिक, न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) शनिवार तड़के करीब ढाई बजे नई दिल्ली से रवाना हुई थी. सुबह 8.47 बजे ट्रेन लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंची. यहां निर्धारित ठहराव के बाद जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ने लगी, अचानक एक स्लीपर कोच से जोरदार आवाज आई.

यह भी पढ़ें: लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से 3 मजदूरों की हुई मौत, 4 अस्पताल में भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों को किसी बड़े विस्फोट जैसी आशंका होने लगी. कुछ ही पलों में पता चला कि कोच को दूसरे डिब्बे से जोड़ने वाला हिस्सा टूट गया है और डिब्बा अलग हो गया है. इसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया.

स्टेशन पर मची अफरातफरी, बाहर निकले यात्री

Advertisement

हादसे के बाद कई यात्री अपने-अपने कोच से बाहर निकल आए. लोगों ने रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी दी. कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार बेहद कम थी और वह स्टेशन से निकल ही रही थी.

अगर यही हादसा ट्रेन के हाईस्पीड में होने के दौरान होता तो स्थिति कहीं ज्यादा गंभीर हो सकती थी. ऐसे में बड़ी जनहानि और ट्रेन दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था. इसी वजह से इस घटना को रेलवे के लिए गंभीर चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया. अधिकारियों ने प्रभावित कोच और ट्रेन के अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया और तकनीकी जांच शुरू कर दी.

ADCP बोले- ब्लास्ट नहीं, कपलर टूटने से हुआ हादसा

लुधियाना के ADCP समीर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में किसी तरह के विस्फोट या संदिग्ध गतिविधि की बात सामने नहीं आई है.

समीर वर्मा के अनुसार ट्रेन जब स्टेशन से आगे बढ़ रही थी, तभी दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूट गया. इसी वजह से एक डिब्बा दूसरे डिब्बे से अलग हो गया. उन्होंने साफ कहा कि यह एक तकनीकी हादसा है और किसी प्रकार का ब्लास्ट नहीं हुआ है.

Advertisement

अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है. तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कपलर टूटने के पीछे क्या वजह रही.

DRM ने कहा- 15 साल पुराना था डिब्बा

फिरोजपुर डिवीजन के DRM संजीव कुमार ने बताया कि रेलवे के एक कोच की सामान्य आयु लगभग 25 वर्ष मानी जाती है. जिस डिब्बे से जुड़ी यह घटना हुई है, उसकी उम्र अभी करीब 15 वर्ष ही है.

उन्होंने कहा कि जब किसी यांत्रिक हिस्से में टूट-फूट होती है तो तेज आवाज आना स्वाभाविक है. इसलिए केवल आवाज के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा. पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है.

DRM ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यह पता लगाया जाएगा कि कपलर में कोई तकनीकी खामी थी या फिर किसी अन्य कारण से यह घटना हुई. रेलवे सुरक्षा मानकों के तहत पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी.

यात्रियों ने जताई थी आशंका

वैष्णो देवी जा रहे कुछ यात्रियों ने दावा किया कि संबंधित डिब्बे को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के साथ जोड़ा गया था. यात्रियों का कहना है कि डिब्बे की स्थिति देखकर उन्हें पहले से ही कुछ गड़बड़ी की आशंका हो रही थी.

Advertisement

यात्रियों के मुताबिक कोच काफी पुराना दिखाई दे रहा था और उन्हें लग रहा था कि इसमें तकनीकी समस्या हो सकती है. घटना के बाद यात्रियों ने कहा कि उनकी आशंका सही साबित हुई.

फिलहाल रेलवे प्रशासन ने प्रभावित कोच को हटाकर नए डिब्बे जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए रवाना करने की तैयारी की जा रही है. इस बीच रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement