पंजाब के फाजिल्का जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हा दूसरी शादी करने पहुंचा, लेकिन फेरे होते ही उसकी पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई. इसके बाद शादी समारोह में जमकर हंगामा हुआ और दूल्हा दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया. यह पूरा मामला जलालाबाद क्षेत्र के ढंडी खुर्द गांव का है. यहां एक शादी समारोह चल रहा था और सभी रस्में लगभग पूरी हो चुकी थीं. लावा हो चुका था और डोली विदा होने की तैयारी में थी. तभी अचानक एक महिला पुलिस के साथ वहां पहुंच गई.
महिला ने आते ही शोर मचाना शुरू कर दिया और कहा कि जिस व्यक्ति की शादी हो रही है, वह उसका पति है. उसने बताया कि वह पिछले 9 साल से उस व्यक्ति के साथ रह रही है और उनके दो बच्चे भी हैं. महिला ने यह भी दावा किया कि उनकी शादी हाईकोर्ट में हुई थी. जैसे ही दूल्हे ने अपनी पहली पत्नी को देखा, वह घबरा गया और तुरंत दीवार फांदकर मौके से भाग निकला. इसके बाद पूरे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. गांव के लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
फेरे पूरे होते ही पहुंची पहली पत्नी, मचा हंगामा
घटना के बाद पहली पत्नी ने मौके पर जमकर हंगामा किया. गांव वालों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई और इसे सीधा धोखाधड़ी बताया. लोगों का कहना था कि इस तरह से किसी लड़की की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करना बहुत गलत है. दूसरी तरफ, जिस लड़की से दूल्हा शादी करने पहुंचा था, उसके परिवार को जब इस सच्चाई का पता चला तो वे भी हैरान रह गए. लड़की के पिता ने बताया कि बिचौलिए ने उन्हें बताया था कि लड़के का किसी से अफेयर था, लेकिन अब सब कुछ ठीक है. उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि लड़के में कोई कमी नहीं है.
लड़की के पिता ने यह भी बताया कि उन्होंने इस शादी में करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे. साथ ही दहेज के रूप में सोफा, बेड और अलमारी जैसी चीजें भी दूल्हे के घर में दी गई थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलियों ने उन्हें धोखा दिया है और उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी है. घटना के बाद दूल्हे पक्ष के लोग भी मौके से गायब हो गए. जिस गाड़ी में दूल्हा आया था, वह भी खाली पाई गई. मौके पर सिर्फ वही लोग बचे जो बारात के साथ आए थे, बाकी सभी वहां से भाग गए.
लड़की पक्ष पर टूटा झटका, 5 लाख खर्च और दहेज का आरोप
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके बाद दूल्हे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इस मामले में बिचौलियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. इस घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है और लोग इसे एक बड़ा धोखा मान रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.