पंजाब के फाजिल्का जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सगाई के अगले ही दिन अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और हर कोई यह जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि खुश दिख रहा युवक अचानक इतना बड़ा कदम उठा बैठा. मृतक की पहचान अंकुश उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो फाजिल्का नगर में राम मंदिर के पीछे वाली गली में अपने घर में अकेला रहता था.
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी और वह इस बात से काफी खुश था. मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सगाई के दौरान उसकी खुशी साफ नजर आ रही थी. बताया जा रहा है कि सगाई के बाद रात करीब ढाई बजे वह अपने ससुराल वालों को ट्रेन में छोड़कर वापस घर लौटा था. इसके बावजूद अगले ही दिन सुबह उसने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. सुबह जब यह खबर मोहल्ले में फैली तो हर कोई स्तब्ध रह गया.
पंखे से लटकता मिला शव, इलाके में शोक
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामला रहस्य बना हुआ है.
मोहल्ले के लोगों के अनुसार, अंकुश का जीवन पहले से ही काफी संघर्ष भरा रहा था. उसके सिर पर पिता का साया नहीं था और उसकी मां भी किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थी. दादा-दादी का भी पहले ही निधन हो चुका था. ऐसे में वह बचपन से ही अकेला जीवन जी रहा था.
बताया जाता है कि बचपन में मोहल्ले के लोगों ने उसे गंगानगर के एक अनाथालय में भेज दिया था. वहां से उसने ट्रेनिंग ली और बाद में इलेक्ट्रिशियन का काम सीख लिया. इसके बाद वह फाजिल्का में एक दुकान पर नौकरी कर रहा था और अपना जीवन ठीक तरीके से चला रहा था.
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी रहस्य
मोहल्ले वालों का कहना है कि सगाई के बाद वह बेहद खुश था और उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. ऐसे में उसकी आत्महत्या की खबर ने सभी को अंदर तक हिला दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार के लोग जो भी बयान देंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और जांच जारी है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)