बीरभूम के पत्थर व्यापारी मिनार मंडल के घर से जब्त किए गए कैश की गिनती अब 20 करोड़ पहुंच गई है. सुबह से ही पुलिस मशीनों के जरिए नोटों की गिनती कर रही है. अब मिनार मंडल की बेटी की शादी भी सुर्खियों में आ गई है.
पिछले साल मिनार मंडल की बेटी की शादी बहुत ही धूम-धाम से हुई थी. इस शादी में बॉलीवुड के कई चर्चित सितारे शामिल हुए थे. अभिनेता अर्बाज खान, अभिनेत्री जरीन खान, गायक मोनाली ठाकुर जैसी हस्तियां इस शादी में शामिल हुई थी. मोनाली ठाकुर ने इस शादी में गाना भी गाया था.
साथ ही बंगाली सिनेमा जगत के भी कई सितारे इस शादी में नजर आए थे. बंगाली फिल्म कलाकार, अंकुश हाजरा, सुमित गांगुली और दर्शना बनिक भी इस शादी में शरीक हुए थे. भाजपा और CPM ने इसपर सवाल उठाया था.
यह भी पढ़ें: इस व्यापारी के घर से इतना मिला कैश कि गिनती करते-करते थक गई पुलिस! करोड़ों का सोना भी बरामद
मेहमानों के लिए शहर और जिले के लगभग सभी होटलों को बुक किया गया था. पिछले साल 28 दिसंबर को बीरभूम के सूरी में यह शादी हुई थी. मिनार मंडल के रिश्तेदार तुलु मंडल भी पत्थर व्यापारी हैं. वे TMC के करीब माने जाते हैं. खास बात तो ये है कि ED ने मवेशी तस्करी मामले में उन्हें समन भेजा है.
मिनार मंडल के घर पर सुबह से ही नोटों की गिनती जारी है. अब तक 20 करोड़ रुपये बरामद हो चुके हैं और फिलहाल नोटों की गिनती जा रही है. साथ ही उनके घर से 15 किलो सोना भी बरामद हुआ है.
बता दें, मिनार मंडल कुछ साल पहले तक सरकारी बस ड्राइवर थे, लेकिन फिर उन्होंने अपने रिश्तेदार तुलु मंडल की व्यापार में मदद करने के लिए यह काम छोड़ दिया था. इसके बाद वे पत्थर व्यापारी बने थे. उनके घर पर आज सुबह से नोटों की गिनती की जा रही है. अब तक 20 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके हैं.
यह रिकवरी बीरभूम में कथित अवैध माइनिंग और रेवेन्यू के नुकसान के खिलाफ़ चल रही व्यापक कार्रवाई के बीच हुई है. यह जिला लंबे समय से अवैध पत्थर खनन और पत्थर के व्यापार से जुड़े संगठित अपराध के आरोपों के कारण जांच के दायरे में रहा है.