पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के दौरान वोटर लिस्ट से छूट गए पात्र नागरिकों को अपना नाम शामिल कराने का एक और मौका दिया गया है. पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर कहा है कि पात्र मतदाता Form-6 के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरिंदम नियोगी की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि चुनाव निकाय जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के निर्देश और निगरानी में काम कर रहा है.
ASDD लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, SIR 2026 के दौरान तैयार की गई ASDD यानी (Absentee, Shifted, Dead and Deleted) वोटर्स की लिस्ट प्रकाशित कर दी गई है. इस सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और हटाए गए मतदाताओं से संबंधित नाम शामिल हैं. ASDD सूची पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों के पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई गई है.
Form-6 से दोबारा जुड़वा सकेंगे नाम
चुनाव कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के नाम ASDD सूची में शामिल हैं, लेकिन वे अभी भी पात्र मतदाता हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए Form-6 जमा कर सकते हैं. ऐसे वोटर्स ऑनलाइन Form-6 भर सकते हैं. इसके अलावा वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से भी आवेदन जमा कर सकते हैं. इस कदम से उन पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में दोबारा नाम शामिल कराने का रास्ता मिला है, जिनका नाम SIR 2026 की प्रक्रिया के दौरान ASDD सूची में चला गया था. हालांकि, नाम शामिल करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और पात्रता की जांच के तहत पूरी की जाएगी.