scorecardresearch
 

Heatwave Alert: गर्मी-उमस और लू... मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

देश के कई राज्य इस समय मौसम की दोहरी मार झेल रहे हैं. कहीं तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है तो कहीं नमी ने हाल बेहाल कर रखा है. मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद कम है.

Advertisement
X
भीषण गर्मी, चिपचिपी उमस और लू के थपेड़े
भीषण गर्मी, चिपचिपी उमस और लू के थपेड़े

देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में लू, तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में अलग-अलग दिनों में लू चलने की संभावना है. वहीं ओडिशा के कुछ हिस्सों में 22 अप्रैल तक और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्रों में 19 से 22 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.

ओडिशा को लेकर IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि तितिलागढ़ में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक तटीय ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

महाराष्ट्र में भी हालात बेहद गंभीर हैं. विदर्भ क्षेत्र के अकोला में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. अमरावती, वर्धा और नागपुर भी सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे. मौसम विभाग ने विदर्भ में आने वाले दिनों में लू की स्थिति और तेज होने की चेतावनी दी है, जबकि 21 अप्रैल के बाद तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है.

Advertisement

मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, जबकि तटीय इलाकों में भले ही तापमान कम रहा हो, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा कोंकण और गोवा, गुजरात के तटीय इलाके, तमिलनाडु, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गर्मी और नमी का असर देखने को मिल सकता है. कई क्षेत्रों में लंबे समय तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन कई राज्यों में लू और गर्मी का असर जारी रहेगा. मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज महसूस किया जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement