Gujarat News: वडोदरा की MS यूनिवर्सिटी के 'संस्कार संगम' कार्यक्रम में डांस करने वाली छात्रा ने अब एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष मजबूती से रखा है. छात्रा ने न सिर्फ अपनी ट्रोलिंग के बारे में बताया, बल्कि उन लोगों को भी आईना दिखाया है जिन्होंने राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए उसे 'सॉफ्ट टारगेट' बनाया.
डांस करने वाली वायरल छात्र ने कहा, ''आज मैं यह वीडियो इसलिए बना रही हूं, क्योंकि जो कल्चरल फेस्टिवल में मैंने डांस किया था, वो बहुत ज्यादा वायरल हो गया है. इसके कारण बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि मैंने वड़ोदरा की संस्कारी नगरी में पता नहीं क्या कर दिया या अश्लीलता फैला दी, जबकि मैंने उसमें सिर्फ नॉर्मल साड़ी पहनी हुई थी. हां, ठीक है, मेरा सॉन्ग (धक-धक) सिलेक्शन गलत था. इसके लिए मैं लोगों से माफी मांगती हूं. लेकिन ये इतनी भी बड़ी बात नहीं है जिसको आपने इतना बड़ा हौवा बना दिया है, जैसे मैंने कोई देशद्रोह कर दिया हो. मैं एबीवीपी वालों को जानती भी नहीं हूं और NSUI वालों को भी नहीं जानती. मुझे नहीं पता था कि अगर मैं एक कल्चरल फेस्ट में बॉलीवुड सॉन्ग पर डांस कर लूंगी तो उसका इतना हौवा बन जाएगा. अगर मुझे पता होता तो मैं ऐसा कुछ करती ही नहीं.
जिन लोगों ने इसे इतना फैला दिया है, उन्होंने मेरी मेंटल हेल्थ के बारे में बिल्कुल नहीं सोचा कि मेरे ऊपर क्या बीत रही है. मुझे ये सब सुनना पड़ रहा है, उसका असर मुझ पर क्या हो रहा है, ये मुझे ही पता है.बस मैं आपसे ये कहना चाहती हूं कि जब आप कोई वीडियो डालते हैं तो कभी किसी लड़की के बारे में भी सोच लिया करें.
मैंने कोई अश्लील कपड़े नहीं पहने थे, मैंने एक सिंपल साड़ी पहनी थी. मैंने अपने आर्ट को स्टेज पर प्रेजेंट किया था. ठीक है, वो कल्चरल फेस्ट था, लेकिन मैं एक नॉर्मल स्टूडेंट हूं. मैंने पहले भी डांस किया है. मुझे नहीं लगा था कि अगर मैं एक बॉलीवुड सॉन्ग पर डांस कर लूंगी तो इसका इतना बड़ा रूप बन जाएगा कि मेरे संस्कार तक बंद कर दिए जाएंगे.
यहां तो ठीक है, आप लोग बॉलीवुड सॉन्ग भी मत सुनो. अगर आप इतने संस्कारी बनते हो तो बॉलीवुड सॉन्ग भी मत सुनो. मुझे पता है कि देश में बहुत सारी छोटी-छोटी बातों को इतने बड़े मुद्दे बना दिया जाता है. उन मुद्दों को छोड़कर आपको सिर्फ मिर्च-मसाला चाहिए होता है, इसलिए आपने सिर्फ एक लड़की को टारगेट कर लिया. जबकि मैंने इतनी कोई बड़ी बात नहीं की थी. वड़ोदरा में भी और मुद्दे हैं, लेकिन इस छोटी सी बात को इतना बड़ा बना दिया गया, तो बस मैं आप लोगों से यही कहना चाहती हूं कि आप इस वीडियो को शेयर करें और उन लोगों तक पहुंचाएं जो किसी भी लड़की के बारे में नहीं सोचते कि उसके ऊपर क्या बीत रही है.
बस लोग आसानी से अश्लीलता फैलाई जा रही है, कह देते हैं. इससे आपको ये पता नहीं चल रहा कि मेरे ऊपर क्या बीत रही है. आपने एक बार भी नहीं सोचा कि वीडियो डालने से पहले मुझसे परमिशन क्यों नहीं ली?
आपने सिर्फ दूसरी पार्टी को टारगेट करने के लिए एक लड़की का सहारा लिया. आपको इस चीज से कोई मतलब नहीं है.तो बस मैं इतना ही कहना चाहती हूं कि ठीक है, मेरा सॉन्ग सिलेक्शन गलत था. आई एम रियली सॉरी. लेकिन मैंने ऐसा कुछ इतना बड़ा नहीं कर दिया कि मुझे इतनी बड़ी सजा मिले या इतने बड़े लेवल पर मुझे बोला जाए.'' देखें VIDEO:-
बता दें कि महाराजा सयाजीराव (MS) यूनिवर्सिटी ऑफ वडोदरा में आयोजित 'संस्कार संगम कार्यक्रम विवादों में है. ABVP के कार्यक्रम में एक छात्रा के बॉलीवुड गाने 'मेरा दिल धक-धक करने लगा' पर डांस के बाद NSUI समेत सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रोलिंग शुरू कर दी. सवाल उठाए गए कि संस्कारी नगरी वडोदरा में इस तरह का कार्यक्रम क्यों? और शैक्षणिक माहौल में ऐसे आयोजनों की क्या जरूरत है? विवाद बढ़ने के बाद छात्रा का एक रोता हुआ वीडियो सामने आया, जिसमें उसने सफाई दी.